Movie prime

UP MLC चुनाव: सांसद वीरेंद्र सिंह ने सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा की जीत का किया दावा, प्रशासन से की राउंडवार मतगणना की मांग

 
वीरेंद्र
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में विधान परिषद चुनाव की मतगणना के बीच समाजवादी पार्टी के चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह ने जिला प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से सपा प्रत्याशी लाल बिहारी यादव निर्वाचित हो चुके हैं, लेकिन जीत के बावजूद करीब छह घंटे तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई। वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से सपा प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा की बढ़त का दावा करते हुए उन्होंने उनकी जीत की उम्मीद जताई।

वीरेंद्र सिंह ने जिला प्रशासन से मांग की कि मतगणना के प्रत्येक राउंड के परिणाम सार्वजनिक किए जाएं, ताकि प्रत्याशियों, राजनीतिक दलों और कार्यकर्ताओं के बीच किसी तरह का भ्रम न रहे। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन की ओर से स्पष्ट जानकारी नहीं मिलने के कारण नेताओं और कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति बनी हुई है।

सपा सांसद ने कहा कि जानकारी के अभाव के बावजूद पार्टी के कार्यकर्ता धैर्य बनाए हुए हैं और परिणामों की आधिकारिक घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब अन्य स्थानों पर प्रत्याशियों के परिणाम घोषित किए जा रहे हैं, तो शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में सपा प्रत्याशी की जीत की घोषणा में देरी क्यों हो रही है।

वीरेंद्र सिंह ने मतगणना में कथित अनियमितताओं की आशंका जताते हुए कहा कि यदि किसी तरह की हेराफेरी सामने आती है, तो इसकी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। उन्होंने दावा किया कि सपा प्रत्याशी बढ़त बनाए हुए हैं, इसके बावजूद परिणाम घोषित करने में देरी संदेह पैदा करती है।

स्नातक निर्वाचन क्षेत्र से प्रत्याशी आशुतोष सिन्हा को लेकर वीरेंद्र सिंह ने कहा कि वह करीब 3,000 मतों से आगे चल रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि सिन्हा चुनाव जीतेंगे। उन्होंने प्रशासन से मतगणना की स्थिति स्पष्ट करने और हर राउंड का ब्योरा सार्वजनिक करने की मांग दोहराई।

सपा सांसद ने चुनावी नतीजों को आगामी विधानसभा चुनाव से भी जोड़ते हुए कहा कि विधान परिषद चुनाव में पार्टी की बढ़त इस बात का संकेत है कि समाजवादी पार्टी वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भी बेहतर प्रदर्शन करेगी और प्रदेश में अपना परचम लहराएगी।