Movie prime

UP News: गोलगप्पे खाने के बाद 150 लोगों की बिगड़ी तबीयत, कई बच्चों की हालत गंभीर; अस्पताल में भर्ती

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में पानीपुरी (गोलगप्पे) खाने के बाद करीब 150 लोगों की तबीयत बिगड़ने से हड़कंप मच गया। घटना खेसरहा थाना क्षेत्र के कलनाखोर, पेंडारी और आसपास के दो-तीन गांवों की है। बताया जा रहा है कि एक स्थानीय विक्रेता से गोलगप्पे खाने के कुछ देर बाद लोगों को उल्टी, चक्कर और पेट दर्द की शिकायत होने लगी। बीमार होने वालों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल हैं। सभी को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। इनमें कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

 गोलगप्पे खाने के कुछ देर बाद शुरू हुई उल्टी और पेट दर्द की शिकायत

जानकारी के मुताबिक, रविवार को एक स्थानीय फुल्की विक्रेता गांवों में घूमकर पानीपुरी बेच रहा था। इस दौरान कई ग्रामीणों ने उससे गोलगप्पे खाए। कुछ ही देर बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। शुरुआत में कुछ लोगों ने स्थानीय दवाखानों में इलाज कराया, लेकिन उल्टी, चक्कर और पेट दर्द की शिकायत बढ़ती चली गई।

देखते ही देखते करीब 150 लोग बीमार पड़ गए। एक साथ बड़ी संख्या में लोगों की तबीयत बिगड़ने से गांवों में अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने सभी बीमार लोगों को अस्पताल पहुंचाना शुरू किया।

 सीएचसी से जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किए गए मरीज

मरीजों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) खेसरहा और नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए कई मरीजों को जिला मेडिकल कॉलेज सिद्धार्थनगर रेफर कर दिया।

फिलहाल सभी पीड़ितों का इलाज चल रहा है। राहत की बात यह है कि ज्यादातर मरीजों की हालत स्थिर बताई जा रही है। हालांकि, कुछ छोटे बच्चों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की निगरानी में उनका उपचार किया जा रहा है।

 फूड पॉइजनिंग की आशंका, मेडिकल टीम अलर्ट

मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) सिद्धार्थनगर डॉ. संजय दोहरे के मुताबिक, पानीपुरी खाने के बाद लोगों की तबीयत फूड पॉइजनिंग के चलते बिगड़ी है। घटना की जानकारी मिलते ही सीएचसी खेसरहा में मेडिकल टीम को अलर्ट कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि अन्य मरीजों का जिला मेडिकल कॉलेज में इलाज किया जा रहा है और ज्यादातर लोगों की हालत में सुधार हो रहा है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल टीम को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है।

इस घटना के बाद इलाके में चिंता का माहौल है। फिलहाल स्वास्थ्य विभाग की टीम मरीजों के इलाज और उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है।