UP Rain Alert : आज वाराणसी समेत कई जिलों में झमाझम बारिश के आसार, चलेंगी तेज हवाएं, गरज-चमक के साथ बरसेंगे बादल
UP Weather: उत्तर प्रदेश के मौसम में आज एक बार फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के मुताबिक, प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। पूर्वी उत्तर प्रदेश के ऊपर निचले क्षोभमंडल में चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है, जबकि दक्षिण गुजरात से पूर्वी यूपी और आसपास के बिहार तक एक ट्रफ लाइन सक्रिय है। इन मौसमी सिस्टम के असर से आज प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
मौसम पूर्वानुमान में वाराणसी, प्रयागराज, गोरखपुर, देवरिया, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, आगरा, मथुरा, मेरठ, नोएडा, गाजियाबाद, कानपुर, अंबेडकरनगर, रामपुर, शाहजहांपुर और बहराइच समेत कई इलाकों में बारिश की चेतावनी बताई गई है। कुछ स्थानों पर तेज हवा के साथ गरज-चमक की स्थिति भी बन सकती है
हालांकि, पूरे प्रदेश में लगातार बारिश की स्थिति नहीं रहेगी। रिपोर्ट के मुताबिक यूपी में मानसून फिलहाल कुछ कमजोर पड़ा है और बारिश की गतिविधियों में अस्थायी कमी आई है। शनिवार से एक नया बारिश का दौर शुरू होने की संभावना जताई गई है।
लखनऊ में आज अधिकतम तापमान करीब 33 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम में उतार-चढ़ाव को देखते हुए लोगों को स्थानीय मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है।
