UP Weather: दो दिन बारिश पर ब्रेक, 13 अगस्त से फिर बदलेगा मौसम, जमकर बरसेंगे बादल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले दो-तीन दिनों से जारी बारिश के दौर के बाद अब कुछ समय के लिए मौसम में राहत मिलती नजर आ रही है। मौसम विभाग के मुताबिक, 11 और 12 अगस्त को प्रदेश में भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। हालांकि, यह राहत ज्यादा लंबी नहीं होगी और 13 अगस्त से एक बार फिर कई इलाकों में भारी से बहुत भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है।
मौसम केंद्र लखनऊ के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में विकसित हो रहे नए मौसमी सिस्टम के असर से पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में मानसूनी गतिविधियां फिर तेज होने की संभावना है।
11 अगस्त को बारिश की रफ्तार होगी धीमी
मौसम विभाग के मुताबिक, बुंदेलखंड, रोहिलखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में पिछले दिनों हुई भारी बारिश और आकाशीय बिजली की घटनाओं में मंगलवार को कुछ कमी आने की संभावना है।
सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, बुलंदशहर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली और पीलीभीत समेत आसपास के इलाकों में कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं।
हालांकि, 11 अगस्त को प्रदेश के किसी भी जिले के लिए भारी या अत्यधिक भारी बारिश का अलर्ट नहीं है। बादलों की आवाजाही के चलते तापमान में कुछ गिरावट होने और लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिलने की उम्मीद है।
13 अगस्त से फिर सक्रिय होगा मानसून
मौसम विभाग के अनुसार, 13 अगस्त से पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं। खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, अयोध्या, आजमगढ़ और देवरिया समेत पूर्वांचल के जिलों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया सिस्टम
मौसम में बदलाव की बड़ी वजह बंगाल की खाड़ी में बन रहा नया मौसमी सिस्टम है। मौसम केंद्र लखनऊ के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के तटीय क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है।
इसके प्रभाव से 12 अगस्त के आसपास बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके सक्रिय होने के बाद मानसूनी हवाएं एक बार फिर मजबूत हो सकती हैं और इसका सीधा असर पूर्वी उत्तर प्रदेश के मौसम पर पड़ सकता है।
किसानों और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
मौसम विभाग ने लोगों को आकाशीय बिजली और गरज-चमक के दौरान विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। किसानों और राहगीरों को बारिश या बिजली कड़कने के दौरान खुले मैदान में न रहने की सलाह दी गई है।
लोगों को पेड़ों, बिजली के खंभों और जर्जर इमारतों के नीचे खड़े होने से बचने को कहा गया है। वहीं, 13 अगस्त से संभावित भारी बारिश को देखते हुए प्रशासन और आम लोगों को जलभराव से निपटने के लिए पहले से जरूरी तैयारियां पूरी करने की सलाह दी गई है।
