Movie prime

UP Weather: प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, धूलभरी आंधी और तेज धूप से बढ़ेगी गर्मी; पारा 40 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान

 
UP Weather Update
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में 11 मार्च से गर्मी का असर तेज़ी से बढ़ने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के अधिकांश हिस्सों में फिलहाल मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। भारतीय मौसम विभाग का कहना है कि प्रदेश में फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं, जबकि कई जिलों में तेज धूप के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले दिनों में गर्मी और बढ़ सकती है।

धुंध को लेकर फैली अफवाह पर मौसम विशेषज्ञों की सफाई

10 मार्च की सुबह उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में धुंध देखी गई, जिसके कारण कुछ स्थानों पर दिन में भी सफेद चादर जैसी स्थिति बनी रही। सोशल मीडिया पर इसे ईरान की राजधानी तेहरान में तेल डिपो में हुए विस्फोट से जोड़कर अफवाहें फैलाई गईं।

हालांकि मौसम विशेषज्ञों ने इस दावे को पूरी तरह गलत बताया है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार हवाओं की दिशा उत्तर की ओर होने के कारण ऐसी किसी घटना का प्रभाव भारत तक पहुंचना संभव नहीं है। उनके मुताबिक यह स्थिति पश्चिमी विक्षोभ के कारण उठ रही हवाओं और स्थानीय मौसमीय बदलावों की वजह से बनी है।

इन जिलों में बढ़ सकता है तापमान

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार उत्तर प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में तापमान बढ़ने की संभावना है। इनमें मेरठ, बागपत, हापुड़, गाजियाबाद, आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, अलीगढ़, हाथरस, मुरादाबाद, अमरोहा, गोरखपुर, देवरिया, प्रयागराज, बस्ती और फतेहपुर सहित कई जिले शामिल हैं।

पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, गाजियाबाद, आगरा और नोएडा जैसे शहरों में अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, वाराणसी और गोरखपुर में तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

लखनऊ में शुष्क मौसम, गर्मी से बचाव की सलाह

राजधानी लखनऊ में आज आसमान साफ रहने की संभावना है और मौसम शुष्क रहेगा। यहां न्यूनतम तापमान 20 से 22 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 36 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है।

बुंदेलखंड के जालौन, हमीरपुर और महोबा जैसे जिलों में भी तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के आसपास पहुंच सकता है। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को तेज धूप से बचने की सलाह दी है। बाहर निकलते समय पानी साथ रखने, टोपी या छाता इस्तेमाल करने और ज्यादा देर तक धूप में न रहने की हिदायत दी गई है।

विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी का असर और बढ़ सकता है, इसलिए शरीर को हाइड्रेटेड रखना और बच्चों तथा बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखना जरूरी है।