UP Weather : 24 से 27 अगस्त तक बरसेंगे बादल! वाराणसी-प्रयागराज समेत कई जिलों में भारी बारिश की अलर्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। मौसम विभाग ने 24 अगस्त को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश और गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने का अनुमान जताया है। वहीं पश्चिमी यूपी के कुछ जिलों में भी बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 24 से 27 अगस्त के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है।
आंचलिक मौसम केंद्र, लखनऊ के पूर्वानुमान के मुताबिक पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछार पड़ सकती है, जबकि पूर्वी यूपी में अनेक जगहों पर बारिश होने की संभावना है। रविवार की तुलना में सोमवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश की गतिविधियां अधिक सक्रिय रहने की उम्मीद है।
23 अगस्त को मुजफ्फरनगर में सबसे ज्यादा बारिश
मौसम विभाग के अनुसार 23 अगस्त को प्रदेश में मानसून की स्थिति सामान्य रही। पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 9 सेंटीमीटर बारिश मुजफ्फरनगर में हुई। इसके बाद हैदरगढ़ (बाराबंकी) में 7 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। प्रयागराज, चित्रकूट, बिजनौर, वाराणसी समेत कई स्थानों पर 5 सेंटीमीटर या उससे अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई।
तापमान की बात करें तो रविवार को प्रदेश के दिन और रात के तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखने को मिला। झांसी में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि बहराइच और बाराबंकी में न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहा।
प्रयागराज-वाराणसी समेत छह जिलों में येलो अलर्ट
24 अगस्त को मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, वाराणसी और संत रविदास नगर शामिल हैं।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। खासकर गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है। आने वाले दिनों में पूर्वांचल के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
