UP Weather : यूपी में ठंड का कहर जारी, 72 घंटे में बदलेगा मौसम का मिजाज, कई जिलों में घने कोहरे का अलर्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में शीत दिवस की स्थिति बनी हुई है और कड़ाके की ठंड से जनजीवन प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आगामी 72 घंटों के भीतर लखनऊ समेत प्रदेश के सभी 75 जिलों में मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। बीते दो-तीन दिनों से अधिकतम तापमान में लगातार उतार-चढ़ाव दर्ज किया जा रहा है।
मंगलवार को राजधानी लखनऊ में पूरे दिन धूप नहीं निकल सकी, जिसके चलते अधिकतम तापमान में करीब छह डिग्री की गिरावट दर्ज की गई और यह 14.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। दिन और रात के तापमान में आई इस बड़ी गिरावट के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में शाम से सुबह तक जबरदस्त ठंड का असर देखा गया। हालांकि कुछ जिलों में कोहरे की तीव्रता में थोड़ी कमी जरूर आई है।
मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक ठंड का यही रुख बना रहने की संभावना है। बुधवार को लखनऊ और आसपास के इलाकों सहित करीब 30 जिलों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं पूर्वांचल के कई जिलों में गुरुवार को भी अत्यधिक घने कोहरे का असर देखने को मिल सकता है।
क्यों बदला मौसम का मिजाज?
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दो दिन पहले पश्चिमी विक्षोभ के गुजरने के बाद उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी हुई है। इसका असर अब मैदानी इलाकों में दिखने लगा है। पहाड़ों से आ रही ठंडी और शुष्क पछुआ हवाओं के कारण उत्तर प्रदेश में दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में ठंड का असर शहरों की तुलना में अधिक महसूस किया जा रहा है।
इटावा लगातार दूसरी रात सबसे ठंडा
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौजूदा सप्ताह में न्यूनतम तापमान में बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, लेकिन दिन के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। सुबह और शाम की ठंड लोगों को परेशान करती रहेगी।
सोमवार के बाद मंगलवार को भी इटावा प्रदेश में लगातार दूसरी रात सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। गोरखपुर में 4.5 डिग्री, कानपुर नगर में 4.6 डिग्री और आजमगढ़ में 5.2 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं 20 से अधिक जिलों में दिन का तापमान 15 डिग्री या उससे नीचे पहुंच गया है।
