UP Weather : यूपी में ठंड ढा रही सितम! कानुपर रहा सबसे ठंडा, इन 14 जिलों में घने कोहरे का रेड अलर्ट
UP Weather : उत्तर प्रदेश में ठंड का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। भयंकर कोहरे और शीतलहर को देखते हुए मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए प्रदेश के कई हिस्सों में रेड अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, आज 14 से अधिक जिलों में कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी, जबकि घने से घना कोहरा छाने के कारण दृश्यता शून्य तक पहुंच सकती है। इसका असर न्यूनतम ही नहीं, बल्कि अधिकतम तापमान पर भी पड़ेगा और दिन में भी कड़ाके की ठंड महसूस होगी।
लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, 18 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में रात के साथ-साथ दिन का तापमान भी काफी नीचे रहेगा। कई इलाकों में सूर्य के दर्शन तक नहीं होंगे। मौसम विभाग ने हालात को देखते हुए अलग-अलग जिलों के लिए रेड, ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया है।
14 से ज्यादा जिलों में रेड अलर्ट
गुरुवार को गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, महराजगंज, संतकबीरनगर, बस्ती, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर, पीलीभीत, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद और बिजनौर में घने कोहरे के साथ शीतलहर का कहर देखने को मिलेगा। इन जिलों में विजिबिलिटी शून्य रहने की आशंका है।
इन जिलों में रहेगा मध्यम कोहरा
इसके अलावा सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, मेरठ, संभल, बदायूं, फर्रुखाबाद, हरदोई, कन्नौज, कानपुर, उन्नाव, रायबरेली, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, सुल्तानपुर, आजमगढ़, वाराणसी, मिर्जापुर, चंदौली, गाजीपुर, सोनभद्र, बलिया, मऊ, कौशांबी, जौनपुर और अयोध्या में मध्यम कोहरा छाया रहेगा। इन जिलों के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं आगरा, मथुरा, अलीगढ़, झांसी, ललितपुर और इटावा में हल्का कोहरा नजर आ सकता है।
कानपुर में सबसे कम तापमान
पिछले 24 घंटों में आगरा, बरेली, गोरखपुर, कानपुर और कुशीनगर में जीरो विजिबिलिटी वाला कोहरा दर्ज किया गया। इस दौरान प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान कानपुर में 6.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
लखनऊ-नोएडा में भी बढ़ेगी ठंड
राजधानी लखनऊ में मौसम ने करवट ले ली है। गुरुवार सुबह यहां घना कोहरा छाने की संभावना है, जिसको लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं नोएडा में भी मध्यम कोहरा रहेगा। तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जिससे दिन में भी ठंड का अहसास होगा।
19 दिसंबर से फिर बढ़ेगी ठंड
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार, यूपी में अब अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आएगी। 19 दिसंबर को एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा, जिससे प्रदेश में ठंड और बढ़ने की संभावना है।
