Movie prime

UP Weather : अगले 24 घंटे में ठंड ढाएगी सितम, तेजी से लुढ़केगा पारा, IMD का अलर्ट 

 
UP Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश में सर्दी अब अपना असर दिखाने लगी है। बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के कई हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। सोमवार को भी यूपी के कई शहरों में कोहरे की सफेद चादर देखने को मिलेगी। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले 24 घंटों के बाद प्रदेश में ठंड और तेज होगी और न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

पूर्वी और पश्चिमी यूपी में घने कोहरे का अलर्ट

लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के मुताबिक, 15 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है। हालांकि, 24 घंटे बाद कोहरे की तीव्रता में कुछ कमी आने की उम्मीद है।

सोमवार को वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, गाजीपुर, चंदौली, बलिया, मऊ, आजमगढ़, जौनपुर, प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशाम्बी, रायबरेली, फतेहपुर, कानपुर, औरैया, इटावा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, मथुरा और आगरा में 100 से 200 मीटर तक दृश्यता वाला घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।

अयोध्या से मुजफ्फरनगर तक कैसा रहेगा मौसम

अयोध्या, अंबेडकर नगर, बरेली, रामपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, महराजगंज, कुशीनगर, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा देखने को मिल सकता है। दिन चढ़ने के साथ इन इलाकों में धूप निकलने की संभावना है। इन जिलों में न्यूनतम तापमान करीब 7 डिग्री और अधिकतम तापमान लगभग 28 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

लखनऊ में गिरेगा पारा, सुबह कोहरे से होगी शुरुआत

राजधानी लखनऊ में सोमवार को तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, आज लखनऊ का न्यूनतम तापमान लगभग 10 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान करीब 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। सुबह के समय यहां भी कोहरा छाया रहेगा। वहीं, दिल्ली से सटे नोएडा में ठंड का असर बढ़ेगा और दिन की शुरुआत मध्यम कोहरे के साथ हो सकती है।

मेरठ में सबसे ठंडी रात

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि बीते 24 घंटों में प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान मेरठ में 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि अगले 2 से 3 दिनों के दौरान उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों में ठंड और बढ़ेगी तथा न्यूनतम तापमान में और गिरावट देखने को मिलेगी।