UP Weather : यूपी में कोहरे और गलन का डबल अटैक, 15 जिलों में कोल्ड डे तो 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में रविवार को भी ठंड का प्रकोप थमने वाला नहीं है। पहाड़ों पर जारी बर्फबारी और पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश में कड़ाके की ठंड, गलन और घना कोहरा छाया हुआ है। शनिवार की तरह रविवार सुबह भी अधिकांश जिलों की शुरुआत घने कोहरे के साथ हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी यूपी के 9 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, जबकि नोएडा से लेकर गोरखपुर तक कोल्ड डे की स्थिति बनी रहेगी।
15 जिलों में शीत दिवस, 50 जिलों में घना कोहरा
पश्चिमी विक्षोभ के कमजोर पड़ते ही पछुआ हवाओं ने गलन को और बढ़ा दिया है। रविवार को प्रदेश के करीब 15 जिलों में शीत दिवस (Cold Day) की स्थिति रहेगी, वहीं 45 से 50 जिलों में घना से अति घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने सहारनपुर, बरेली, झांसी सहित कई जिलों में बहुत घने कोहरे की चेतावनी जारी की है।
विजिबिलिटी 50 मीटर तक गिरने की आशंका
अगले 24 घंटे प्रदेश के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण माने जा रहे हैं। बर्फीली पछुआ हवाओं के कारण गलन तेज हो गई है। पश्चिमी यूपी और तराई क्षेत्रों में विजिबिलिटी घटकर 0 से 50 मीटर तक रह सकती है, जिससे सड़क और रेल यातायात प्रभावित होने की आशंका है।
लखनऊ-नोएडा का मौसम
राजधानी लखनऊ में सुबह हल्का कोहरा देखने को मिलेगा, हालांकि दिन चढ़ने के साथ कोहरा छंटने और आसमान साफ रहने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 17 डिग्री और न्यूनतम 9 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। अगले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में और गिरावट दर्ज की जा सकती है।
वहीं नोएडा में दिनभर कोहरे का असर बना रहेगा। यहां अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में बहुत घने कोहरे की चेतावनी
सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, महोबा, झांसी, ललितपुर और आसपास के इलाकों में बहुत घना कोहरा छाने की प्रबल संभावना है। प्रशासन ने इन जिलों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।
स्कूल 5 जनवरी तक बंद
भीषण ठंड और कोहरे को देखते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के सभी बोर्डों के कक्षा 12वीं तक के स्कूलों को 5 जनवरी तक बंद रखने के निर्देश दिए हैं।
हाइवे पर सावधानी की अपील
प्रशासन ने हाइवे पर चलने वाले वाहन चालकों से फॉग लाइट का उपयोग करने, धीमी गति से वाहन चलाने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क बना रह सकता है, लेकिन ठंड से राहत मिलने के आसार फिलहाल कम हैं।
