UP Weather: लगातार बारिश से यूपी बेहाल, गंगा-सरयू नदी उफान पर; 66 जिलों में जमकर बरसेंगे मेघ
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले करीब 25 दिनों से जारी मानसूनी बारिश ने कई जिलों में हालात बिगाड़ दिए हैं। लगातार बारिश के चलते प्रदेश की प्रमुख नदियां उफान पर हैं। काशी में गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है और पानी मणिकर्णिका घाट तक पहुंच गया है। शहर के सभी 84 घाटों की सीढ़ियां पानी में डूब चुकी हैं, जिससे कई घाटों के बीच संपर्क भी टूट गया है।
गंगा का पानी काशी के करीब 50 से 60 छोटे मंदिरों में भी प्रवेश कर गया है। लगातार बढ़ते जलस्तर के कारण घाटों पर धार्मिक गतिविधियां प्रभावित हुई हैं और प्रशासन की ओर से निगरानी बढ़ाई गई है।
फर्रुखाबाद में कटान तेज, 8 घर नदी में समाए
फर्रुखाबाद में गंगा खतरे के निशान के करीब बह रही है। नदी के किनारों पर कटान तेज होने से पिछले दो दिनों में करीब 8 घर नदी में समा चुके हैं। वहीं 10 से अधिक गांवों के चारों तरफ पानी भरने से उनका संपर्क प्रभावित हुआ है।
बलिया में भी सरयू नदी के बढ़ते जलस्तर और कटान ने ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। यहां अब तक 27 घर नदी में समा चुके हैं।
बिजनौर में स्टेट हाईवे पर बह रहा गंगा का पानी
बिजनौर में पिछले करीब 10 दिनों से गंगा का पानी स्टेट हाईवे के ऊपर से बह रहा है। बाढ़ के पानी के चलते करीब आधा दर्जन गांव टापू में तब्दील हो गए हैं। वहीं सीतापुर में शारदा और घाघरा नदियां उफान पर हैं। यहां करीब 400 बीघा कृषि भूमि जलमग्न हो चुकी है और 25 गांवों पर बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है।
गाजियाबाद-नोएडा में सड़कें बनीं तालाब
शुक्रवार को प्रदेश के करीब 70 शहरों में जोरदार बारिश हुई। संभल में सबसे ज्यादा 79.3 मिमी बारिश दर्ज की गई। गाजियाबाद और नोएडा में भारी बारिश के बाद हाईवे और सड़कें जलमग्न हो गईं। कई इलाकों में चार फीट तक पानी भर गया।
नोएडा के एक अंडरपास में पानी भरने से एंबुलेंस भी फंस गई। वहीं आगरा में दो स्थानों पर सड़क धंसने से करीब 20-20 फीट गहरे गड्ढे बन गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
आज 66 जिलों में बारिश का अलर्ट
शनिवार सुबह से उन्नाव में रुक-रुककर बारिश जारी है। लखनऊ, गोरखपुर और आगरा समेत करीब 50 शहरों में बादल छाए हुए हैं और ठंडी हवाएं चल रही हैं। मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 66 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया है। झांसी और जालौन समेत सात शहरों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है।
अगले चार दिन और बिगड़ सकता है मौसम
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उसके आसपास बने दबाव के कारण कई इलाकों में भारी बारिश हो रही है। वहीं बंगाल की खाड़ी के पास एक नया कम दबाव का क्षेत्र बन रहा है, जिसके आगे बढ़ने से मानसूनी गतिविधियां और मजबूत होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक के अनुसार, अगले चार दिनों तक बारिश का दौर तेज रह सकता है, जिसमें खासकर दक्षिणी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में भारी बारिश होने की आशंका है।
