UP Weather : यूपी में फिर एक्टिव हुआ मानसून, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में एक बार फिर मानसून ने रफ्तार पकड़नी शुरू कर दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आने वाले दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां तेज होंगी। खासकर पूर्वांचल के कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक, 2 अगस्त के लिए किसी जिले में विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है। हालांकि प्रदेशभर में मौसम का मिजाज बदलने के संकेत मिल रहे हैं। राजधानी लखनऊ, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गोरखपुर, अयोध्या, बरेली, मेरठ, आगरा और झांसी समेत कई शहरों में बादलों की आवाजाही और रुक-रुक कर बारिश देखने को मिल सकती है।
अगस्त के पहले सप्ताह में तेज रहेगा मानसून
आईएमडी का अनुमान है कि 3 अगस्त से 7 अगस्त तक उत्तर प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय रहेगा। इस दौरान प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कई स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग का मानना है कि अगस्त का पहला सप्ताह मानसूनी गतिविधियों के लिहाज से काफी सक्रिय रहेगा।
3 अगस्त को इन जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने 3 अगस्त के लिए महराजगंज, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर जिलों में भारी बारिश की संभावना जताते हुए येलो अलर्ट जारी किया है।
4 अगस्त को इन जिलों में बरसेंगे बादल
4 अगस्त को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इनमें मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बाराबंकी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर और महराजगंज शामिल हैं। इन सभी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने लोगों से बारिश के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले इलाकों में सावधानी बरतने और मौसम से जुड़े ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।
