Movie prime

UP Weather: मानसून पड़ा सुस्त, यूपी में फिर बढ़ी उमस, जानिए कब होगी झमाझम बारिश

 
UP Weather Update
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश में मानसून की रफ्तार फिलहाल धीमी पड़ गई है, जिससे एक बार फिर लोगों को तेज धूप और उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले कुछ दिनों की बारिश के बाद मौसम में राहत की उम्मीद थी, लेकिन अब बारिश थमने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य 33.8 डिग्री सेल्सियस से बढ़कर 37.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। हालांकि हवा में नमी अधिक होने के कारण लोगों को गर्मी का अहसास इससे कहीं ज्यादा हुआ।

इन जिलों में येलो अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने प्रदेश के कई जिलों में उमस और गर्मी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, फर्रुखाबाद, हरदोई, सीतापुर, बहराइच, कन्नौज, औरैया, जालौन, झांसी, महोबा, बांदा, हमीरपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, रायबरेली, फतेहपुर, प्रतापगढ़, अमेठी, सुल्तानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, चंदौली, सोनभद्र, चित्रकूट, कुशीनगर, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, श्रावस्ती, बाराबंकी और लखनऊ शामिल हैं।

इनमें कुछ जिलों में उमस भरी गर्मी की चेतावनी दी गई है, जबकि कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना भी जताई गई है।

17 जुलाई से सक्रिय हो सकता है मानसून

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बंगाल की खाड़ी में 17 जुलाई के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से मानसून दोबारा सक्रिय होगा और सबसे पहले पूर्वी उत्तर प्रदेश में बारिश शुरू होगी। इसके बाद रविवार तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के जिलों में भी बारिश पहुंचने की उम्मीद है।

16 जुलाई तक रहेगी उमस

मौसम विभाग का कहना है कि 15 और 16 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में उमस भरी गर्मी बनी रह सकती है। तराई क्षेत्रों को छोड़कर बाकी इलाकों में बारिश थमने के कारण लोगों को गर्मी और चिपचिपाहट का सामना करना पड़ रहा है।

इन जिलों में हुई सबसे ज्यादा बारिश

बारिश के आंकड़ों की बात करें तो मंगलवार को सिद्धार्थनगर में सबसे अधिक 99.2 मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा महराजगंज में 87.5 मिमी और गोरखपुर में 29.6 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि उमस और तेज धूप के दौरान पर्याप्त पानी पीते रहें, दोपहर में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचें और मौसम विभाग द्वारा जारी अपडेट पर नजर बनाए रखें।