UP Weather : लखनऊ सहित 20 जिलों में बरसे बादल, 47 जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
UP Weather : उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है। बुधवार सुबह से ही लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा, जौनपुर और अलीगढ़ समेत करीब 20 जिलों में तेज हवाओं के साथ रुक-रुककर बारिश हो रही है। शहरों में लोग छाते और रेनकोट के सहारे बाहर निकलते नजर आए, वहीं ग्रामीण इलाकों में किसानों को भारी नुकसान झेलना पड़ा है।
खेतों में डूबी गेहूं की फसल
बारिश और तेज हवाओं का सबसे ज्यादा असर खेतों में देखने को मिला है। कई जगहों पर कटी हुई गेहूं की फसल पानी में डूब गई, जिससे किसानों की मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है।
लखनऊ में बड़ा हादसा टला
राजधानी लखनऊ में देर रात एक बड़ा हादसा टल गया। तेज आंधी के चलते एक पेड़ कार पर गिर गया। हालांकि ड्राइवर बाल-बाल बच गया, लेकिन कार को भारी नुकसान हुआ।
47 जिलों में बारिश और 9 जिलों में ओले का अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के कारण प्रदेश में मौसम बदला है। विभाग ने 47 जिलों में बारिश और 9 जिलों में ओलावृष्टि का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है।
तापमान में गिरावट, 4 डिग्री तक लुढ़का पारा
आंधी-बारिश के चलते प्रदेश के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। जहां कुछ दिन पहले पारा 41 डिग्री तक पहुंच गया था, वहीं अब यह घटकर करीब 37 डिग्री तक आ गया है। जालौन 37.4 डिग्री के साथ सबसे गर्म जिला दर्ज किया गया।
पिछले 24 घंटे में भी दिखा असर
मंगलवार को आगरा, मथुरा समेत 15 जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई। कानपुर और झांसी में कई पेड़ और बिजली के पोल उखड़ गए। आगरा में एक मैरिज हॉल का गेट गिरने से एक ऑटो दब गया, जबकि हाथरस में 10 से ज्यादा पेड़ गिर गए।
बीते एक हफ्ते में आंधी और बिजली गिरने की घटनाओं में 15 लोगों की मौत भी हो चुकी है।
अगले 3 दिन कैसा रहेगा मौसम?
9 अप्रैल:
पूर्वी और पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश, कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावना।
10 अप्रैल:
मौसम साफ रहेगा, धूप निकलेगी और तापमान में 2–3 डिग्री की बढ़ोतरी हो सकती है।
11 अप्रैल:
नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होगा, जिससे फिर से मौसम बिगड़ने और तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिक की चेतावनी
लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के मुताबिक, फिलहाल पश्चिमी विक्षोभ का असर जल्द खत्म होगा, लेकिन 11 अप्रैल से एक नया सिस्टम सक्रिय हो रहा है। इससे प्रदेश में फिर से बारिश और तेज हवाओं का दौर शुरू हो सकता है और तापमान में 4 से 6 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
