Movie prime

UP Weather : 25 जिलों में आज बारिश-ओलावृष्टि अलर्ट, तापमान में 6 डिग्री तक गिरावट के आसार

 
Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के कई हिस्सों में काले बादलों ने डेरा डाल लिया है और कोहरे के साथ बारिश व ओलावृष्टि को लेकर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि मंगलवार 3 फरवरी को प्रदेश के दोनों संभागों के करीब 25 जिलों में कहीं हल्की तो कहीं मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चलने की भी संभावना है। यह मौसम अगले 24 घंटे तक प्रभावी रहेगा, इसके बाद फिर कोहरे की सफेद चादर छाने के आसार हैं।

लखनऊ के अमौसी स्थित मौसम केंद्र के अनुसार मंगलवार को पश्चिमी और पूर्वी यूपी के कई जिलों में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी हो सकती है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 4 फरवरी को प्रदेश के दोनों संभागों में घना कोहरा छाने की संभावना है, जिसमें दृश्यता 100 से 500 मीटर तक रह सकती है।

इन जिलों में काले बादल और बारिश-ओलावृष्टि के आसार

मंगलवार को झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, वाराणसी, मिर्जापुर, सोनभद्र, जौनपुर, चंदौली, बलिया, मऊ और आजमगढ़ में काले बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है।

इन जिलों में छाया रहेगा कोहरा

गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, अंबेडकर नगर, बस्ती, संतकबीरनगर, महाराजगंज, बलरामपुर, उन्नाव, कानपुर, जालौन, औरैया, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, मैनपुरी और कन्नौज में कोहरे का असर देखने को मिलेगा। इन जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। वहीं मेरठ, बागपत, बिजनौर, मुरादाबाद, हापुड़, संभल, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, बहराइच और श्रावस्ती में मौसम सामान्य रहने का अनुमान है।

लखनऊ और नोएडा का हाल

राजधानी लखनऊ में मंगलवार को हल्के बादल छाए रहेंगे। यहां न्यूनतम तापमान करीब 12 डिग्री और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। अगले 24 घंटे बाद तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है। वहीं दिल्ली से सटे नोएडा में मौसम सामान्य रहेगा, हालांकि सुबह के समय हल्का कोहरा दिख सकता है। यहां न्यूनतम तापमान 10 और अधिकतम 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

तापमान में आएगी गिरावट

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव के अनुसार अगले 24 घंटे में प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। न्यूनतम तापमान करीब 2 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़क सकता है, जबकि अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री तक की अचानक कमी आ सकती है। उन्होंने बताया कि 5 फरवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित करेगा, जिससे ठंड और बढ़ने के आसार हैं।