Movie prime

UP Weather : यूपी में अब पड़ेगी कड़ाके की सर्दी, घने कोहरे के साथ कोल्ड वेव का अलर्ट, जानें IMD का ताजा अपडेट

 
UP Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश की सुबहें अब कोहरे की मोटी चादर में ढकी नजर आएंगी। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने राज्य के कई जिलों में घना कोहरा छाने की चेतावनी जारी की है। अनुमान है कि 12 दिसंबर की सुबह प्रदेश के दर्जनभर जिलों में दृश्यता शून्य तक पहुंच सकती है। हालांकि, धूप निकलने के बाद हालात में थोड़ी सुधार देखने को मिल सकता है, लेकिन शाम होते ही पछुआ हवाएं ठंड का अहसास और बढ़ा देंगी। यह स्थिति अगले 36 से 48 घंटे तक बनी रह सकती है।

कई जिलों में घना कोहरा, येलो अलर्ट जारी

लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र के अनुसार, 12 दिसंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के तराई क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहेगा। मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। कोहरे से प्रभावित जिलों में बरेली, रामपुर, मुरादाबाद, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, बहराइच, सीतापुर, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर और श्रावस्ती शामिल हैं।

पूर्वांचल में मध्यम से हल्का कोहरा

पूर्वांचल के कई जिलों में मध्यम से हल्का कोहरा नजर आ सकता है। IMD के अनुमान के अनुसार प्रयागराज, वाराणसी, प्रतापगढ़, अयोध्या, कौशाम्बी, चित्रकूट, अमेठी, रायबरेली, जौनपुर, सुल्तानपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मिर्जापुर, चंदौली, बलिया और मऊ में हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना है। इनमें से कुछ जिलों में दृश्यता 500 से 700 मीटर तक सीमित रह सकती है।

इन जिलों में आज अधिकतम तापमान लगभग 27 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किए जाने का अनुमान है।

लखनऊ में आज ठंड से थोड़ी राहत

राजधानी लखनऊ में शुक्रवार की सुबह हल्का कोहरा छा सकता है, लेकिन न्यूनतम तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, जिससे लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलेगी। आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। 13 दिसंबर को भी तापमान में कोई खास बदलाव नहीं दिखेगा।

नोएडा में सुबह-शाम कड़ाके की ठंड

दिल्ली से सटे नोएडा में आज सुबह और रात के समय तेज गलन महसूस होगी। यहां आज न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

पश्चिमी विक्षोभ से बदलेगा मौसम

बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि 13 दिसंबर से एक नया कमजोर पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा। इसके बाद अगले तीन से चार दिन तक पुरवा हवाएं चलेंगी, जिससे न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है, हालांकि अगले 26 घंटे तक मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।