UP Weather : पहाड़ों की बर्फबारी ने गलन बढ़ाई, यूपी के कई जिलों में बारिश के आसार, जानें आगे कैसा रहेगा मौसम
उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी का सीधा असर मैदानी क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है, जिससे गलन और ठिठुरन बढ़ गई है। मौसम विभाग के अनुसार 27, 28 और 29 जनवरी को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश हो सकती है। इसके चलते तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और गिरावट आने की आशंका है।
आजमगढ़ सबसे ठंडा
प्रदेश में आजमगढ़ सबसे ठंडा जिला दर्ज किया गया, जहां न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्वी यूपी के कई इलाकों में घने कोहरे का असर देखने को मिला। कुशीनगर में दृश्यता महज 50 मीटर तक सिमट गई, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ।
पश्चिमी विक्षोभ का असर बढ़ा
लखनऊ स्थित मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ का असर अब उत्तर प्रदेश में साफ नजर आने लगा है। इसी कारण प्रदेश के कई जिलों में बादलों की आवाजाही बढ़ गई है। उन्होंने बताया कि हवा की दिशा में भी बदलाव आया है। पूर्वी हवाओं की जगह अब पछुआ हवाएं चल रही हैं, जिससे नमी बढ़ी है और कई इलाकों में बारिश की स्थिति बन रही है।
जानिए शहरों का मौसम हाल
कानपुर:
सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन ठंडी हवाओं ने गलन बरकरार रखी। सुबह-सुबह बाहर निकलने वालों को कंपकंपी महसूस हुई। करीब 7 बजे हल्की धूप जरूर निकली। बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया।
लखनऊ:
राजधानी में सुबह हल्की धुंध छाई रही, बाद में मौसम साफ हो गया। ठंडी हवाओं के कारण गलन बनी हुई है। आज अधिकतम तापमान 22 डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब 11 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
गोरखपुर:
आज मौसम सामान्य रहा। कोहरा न पड़ने से लोगों को राहत मिली है। रोजाना धूप निकलने से ठंड का असर भी कुछ कम हुआ है। अधिकतम तापमान 22–24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 10–11 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है।
सहारनपुर:
कई दिनों की धूप और एक दिन की बारिश के बाद आज फिर कोहरा छाया रहा। शीतलहर के चलते गलन बनी हुई है। यहां न्यूनतम तापमान 9 डिग्री और अधिकतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
कानपुर-झांसी मंडल में दिन का पारा गिरा
रविवार को प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। कानपुर और झांसी मंडल में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि मुरादाबाद और मेरठ मंडल में पारा चढ़ा। प्रदेश में सबसे अधिक दिन का तापमान 26.6 डिग्री सेल्सियस बहराइच में रिकॉर्ड किया गया।
रात के तापमान में आगरा, कानपुर, लखनऊ, बरेली, मुरादाबाद और झांसी मंडल में गिरावट आई, जबकि वाराणसी मंडल में बढ़ोतरी देखी गई।
अगले तीन दिनों का मौसम पूर्वानुमान
27 जनवरी:
आसमान में बादल छाए रहेंगे। हल्की बारिश की संभावना है। तापमान में और गिरावट हो सकती है।
28 जनवरी:
पश्चिमी यूपी में गरज-चमक के साथ बूंदाबांदी संभव है। पूर्वी यूपी में हल्की बारिश हो सकती है।
29 जनवरी:
प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। कुछ जगहों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
ठंड और बारिश के इस दौर को देखते हुए मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।
