UP Weather : कहीं धूप तो कहीं बारिश, आज इन जिलों में तेज हवाओं के साथ बरसेंगे बादल
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले 48 घंटों से जारी आंधी, बारिश और वज्रपात के बीच अब मौसम को लेकर नया अपडेट सामने आया है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, रविवार को प्रदेश में मौसम मिला-जुला रहने वाला है, कहीं बादलों की आवाजाही होगी तो कहीं तेज धूप भी देखने को मिलेगी।
पूर्वी यूपी में बारिश, पश्चिम में साफ मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में रविवार को काले बादलों के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चलने की संभावना है।
वहीं, पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहेगा और दिनभर धूप खिली रहेगी।
तापमान में आएगी गिरावट
अगले 48 घंटों में प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलेगी।
इन जिलों में बारिश के आसार
रविवार को गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, महाराजगंज, मऊ, बलिया, गाजीपुर, आजमगढ़, अंबेडकर नगर, बस्ती, गोंडा, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर और संत कबीर नगर समेत आसपास के इलाकों में बारिश की संभावना जताई गई है।
इन इलाकों में खिलेगी धूप
वहीं प्रयागराज, चित्रकूट, कानपुर, झांसी, औरैया, बहराइच, बांदा, इटावा, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, फतेहपुर, जालौन, कन्नौज, कौशांबी, ललितपुर, रायबरेली और उन्नाव समेत कई जिलों में आसमान साफ रहेगा और अच्छी धूप निकलेगी।
लखनऊ और नोएडा का हाल
राजधानी लखनऊ में दिनभर हल्के बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन दोपहर बाद धूप खिलने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान करीब 32°C और न्यूनतम तापमान 19°C रहने का अनुमान है।
वहीं नोएडा में मौसम पूरी तरह साफ रहेगा और तापमान 20°C से 32°C के बीच रहने की संभावना है।
48 घंटे बाद फिर बदलेगा मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले 48 घंटों के बाद एक बार फिर प्रदेश में मौसम करवट लेगा। 7 अप्रैल से बादलों की आवाजाही बढ़ेगी और बारिश का नया दौर शुरू हो सकता है।
क्या कह रहे हैं मौसम वैज्ञानिक
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, प्रदेश में मौसम का यह उतार-चढ़ाव अभी जारी रहेगा और आने वाले दिनों में फिर से बारिश देखने को मिलेगी।
