Movie prime

UP Weather : आंधी-बारिश थमी, अब तपेगी यूपी, अगले 5 दिन भीषण गर्मी की चेतावनी

 
UP Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश में आंधी और बारिश का दौर थमते ही भीषण गर्मी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। रविवार सुबह से प्रदेश के ज्यादातर शहरों में तेज धूप निकलने के साथ आसमान पूरी तरह साफ रहा। हवा की रफ्तार कम होने की वजह से उमस भी महसूस की जा रही है। कई जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है।

मौसम विभाग ने रविवार को प्रदेश के 22 शहरों में हीटवेव यानी लू का अलर्ट जारी किया है। दिन चढ़ने के साथ धूप की तपिश और बढ़ने की संभावना जताई गई है। विभाग के मुताबिक अगले पांच दिनों तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। खासतौर पर 20 मई के बाद गर्मी और ज्यादा तीखे तेवर दिखाएगी तथा प्रदेश के आधे से अधिक जिलों में लू चल सकती है।

पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई। बांदा लगातार पांचवें दिन सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 44.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं आजमगढ़ सबसे ठंडा शहर रहा, जहां न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।

लखनऊ स्थित मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, मानसून केरल में 26 मई के आसपास पहुंच सकता है। इसके आधार पर अनुमान लगाया जा रहा है कि 18 जून के करीब मानसून गोरखपुर के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर सकता है। हालांकि उन्होंने कहा कि यह अभी संभावित तारीख है और मानसून की आगे की गति के बाद ही सटीक अनुमान लगाया जा सकेगा। फिलहाल प्रदेशवासियों को गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं हैं और अगले एक सप्ताह तक पूरा यूपी भीषण गर्मी की चपेट में रह सकता है।

अगले 5 दिनों का मौसम हाल

18 मई:
पूर्वी और पश्चिमी यूपी में तेज धूप निकलेगी। दोपहर में लू चलने की संभावना है। हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है।

19 मई:
कुछ इलाकों में हल्के बादल छा सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है। दोपहर में गर्म हवाएं परेशान करेंगी।

20 मई:
पश्चिमी यूपी में मौसम पूरी तरह शुष्क रहेगा। आंधी और बारिश का कोई अलर्ट नहीं है। पूर्वी यूपी के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है।

21 मई:
पूर्वांचल के उत्तर-पूर्वी इलाकों में कहीं-कहीं हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। वहीं पश्चिमी यूपी में भीषण गर्मी जारी रहेगी।

22 मई:
पश्चिमी यूपी में आसमान साफ रहेगा और लू चलेगी। पूर्वी यूपी के कुछ जिलों में हल्की बारिश होने की संभावना है।