UP Weather: आज 42 जिलों में मूसलाधार बारिश की चेतावनी, कई इलाकों में ऑरेंज अलर्ट जारी
उत्तर प्रदेश में मानसून का मिजाज लगातार बदल रहा है। प्रदेश के कुछ हिस्सों में झमाझम बारिश हो रही है, जबकि कई जिलों में उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। मौसम विभाग ने शनिवार को प्रदेश के 42 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। तराई, पूर्वांचल और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में तेज बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, तराई क्षेत्र के 13 जिलों में अत्यधिक भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, गोंडा, कुशीनगर, गोरखपुर, देवरिया, संतकबीरनगर, मऊ और बलिया सहित कई जिले शामिल हैं। इसके अलावा पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 29 अन्य जिलों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। विभाग का अनुमान है कि 13 जुलाई तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मानसूनी गतिविधियां सक्रिय रहेंगी।
राजधानी लखनऊ में भी सुबह से बादलों का डेरा बना हुआ है। शहर के कई इलाकों में रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने यहां भी भारी बारिश की संभावना जताते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। अगले कुछ दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला जारी रहने की उम्मीद है।
मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ, मुजफ्फरनगर और शाहजहांपुर सहित कई जिलों में हाल के दिनों में अच्छी बारिश दर्ज की गई है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के बाराबंकी समेत कई क्षेत्रों में भी भारी वर्षा हुई है। उन्होंने बताया कि मानसून की ट्रफ धीरे-धीरे उत्तर की ओर बढ़ रही है, जिसके चलते सेंट्रल यूपी और तराई क्षेत्र में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश होने की संभावना है।
बिजनौर में बारिश से बिगड़े हालात
लगातार दो दिनों से हो रही बारिश ने बिजनौर में जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। पहाड़ा नदी उफान पर है, जिससे बढ़ापुर क्षेत्र के कई गांव जलमग्न हो गए हैं। खेत, सड़कें और कई घर पानी में डूब गए हैं। ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पुल और नाव की सुविधा न होने के कारण लोग जान जोखिम में डालकर बुग्गी के सहारे नदी पार करने को मजबूर हैं।
जिला प्रशासन ने लोगों से नदी किनारे न जाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। राहत एवं बचाव दल को अलर्ट पर रखा गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों में भी बारिश जारी रहने की संभावना जताई है, जिससे नदी का जलस्तर और बढ़ सकता है।
