Movie prime

UP Weather Update: यूपी में सर्दी ने दी दस्तक, सुबह-शाम बढ़ी ठिठुरन; हरदोई रहा सबसे ठंडा

 
UP Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में नवंबर की शुरुआत के साथ ही मौसम का मिजाज बदलने लगा है। सुबह और शाम के समय ठंड का एहसास बढ़ गया है, जबकि कई इलाकों में सुबह धुंध भी देखने को मिल रही है। सुबह बाइक या स्कूटी से निकलने वालों को अब ठंडी हवाओं का अहसास होने लगा है। वहीं, शाम होते ही मौसम में ठंडक बढ़ जाती है। हालांकि, दिन के समय धूप निकलने से कई जिलों में अभी भी गर्मी बनी हुई है।

प्रादेशिक मौसम केंद्र लखनऊ के पूर्वानुमान के मुताबिक, प्रदेश में फिलहाल बारिश की कोई खास संभावना नहीं है। अगले दो दिनों तक मौसम सामान्य रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने फिलहाल प्रदेश के किसी भी जिले के लिए कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की है। ऐसे में लोगों को मौसम के लिहाज से फिलहाल राहत मिलने की उम्मीद है।

 दिन में गर्मी, रात में गिर रहा पारा

प्रदेश के कई जिलों में दिन और रात के तापमान में अंतर साफ दिखाई देने लगा है। प्रयागराज, बहराइच और झांसी जैसे जिलों में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ है। वहीं, रात के समय तापमान में गिरावट के चलते सुबह और शाम ठंड बढ़ रही है।

राजधानी लखनऊ में अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम में बदलाव के साथ आने वाले दिनों में कुछ इलाकों में तापमान और नीचे जा सकता है।

हरदोई में सबसे ठंडी रही रात

बीते 24 घंटों के दौरान हरदोई प्रदेश का सबसे ठंडा जिला रहा। यहां न्यूनतम तापमान गिरकर 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, मुजफ्फरनगर और इटावा में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस रहा। बरेली में भी पारा 15.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इन आंकड़ों से साफ है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत कई इलाकों में रात की ठंड अब धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। सुबह घर से निकलने वाले लोगों को हल्के गर्म कपड़ों की जरूरत महसूस होने लगी है।

नवंबर में धीरे-धीरे बढ़ेगी ठंड

मौसम में आ रहे इस बदलाव के बीच लोगों को सुबह और शाम विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को ठंडी हवाओं से बचकर रहने की सलाह दी जाती है। फिलहाल दिन में धूप के कारण गर्मी और रात में ठंड का मिला-जुला असर देखने को मिल रहा है।