Movie prime

UP Weather Update: यूपी के 17 जिलों में आज भारी बारिश का अलर्ट, 50 किमी/घंटा की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं

 
UP Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो गया है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के करीब 20 जिलों में रुक-रुक कर बारिश दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। हालांकि कई शहरों में तेज बारिश आफत भी बन गई। मथुरा और कानपुर में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई, जबकि झांसी में आकाशीय बिजली गिरने से एक किसान की मौत हो गई।

मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश के 17 जिलों में भारी बारिश, तेज हवाओं और बिजली गिरने की चेतावनी जारी की है। कई इलाकों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

इन जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने आगरा, मथुरा, हाथरस, एटा, फिरोजाबाद और अलीगढ़ के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में भारी बारिश के साथ तेज आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई गई है।

इन जिलों में येलो अलर्ट

मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बिजनौर, मेरठ, गौतमबुद्धनगर, जालौन, कासगंज (कांशीराम नगर), झांसी, महोबा समेत 11 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बारिश होने की संभावना है।

मथुरा और कानपुर में बारिश बनी मुसीबत

मथुरा में हुई मूसलाधार बारिश के कारण रेलवे अंडरपास में गर्दन तक पानी भर गया, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

वहीं कानपुर में लगातार बारिश के चलते सड़कों पर जलभराव हो गया। फूलबाग स्थित ऑर्डिनेंस इक्विपमेंट फैक्ट्री (OEF) की करीब 100 फीट लंबी बाउंड्री वॉल भरभराकर गिर गई। इसके अलावा एक अपार्टमेंट के बेसमेंट की दीवार धंसने के बाद एहतियातन इमारत को खाली कराया गया, जबकि एक हाउसिंग सोसाइटी का पिलर भी टेढ़ा हो गया।

झांसी में बिजली गिरने से किसान की मौत

झांसी जिले के उल्दन क्षेत्र के राजगिर गांव में खेत पर काम कर रहे किसान भारत सिंह कुशवाहा की आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।

अगले एक सप्ताह तक बारिश के आसार

लखनऊ स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, प्रदेश में मानसून सक्रिय है और अगले एक सप्ताह तक अधिकांश जिलों में बारिश का दौर जारी रह सकता है। बारिश के चलते तापमान में करीब 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि पूरे मानसून सीजन में प्रदेश के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना भी जताई गई है।