Movie prime

UP Weather Update: मानसून का इंतजार बढ़ा, एक हफ्ते और सताएगी गर्मी; वाराणसी में 41°C के पार पहुंच सकता है पारा

 
HeatWave
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश में मानसून का इंतजार लगातार लंबा होता जा रहा है। प्रदेश की सीमा तक पहुंचने के बावजूद मानसून आगे नहीं बढ़ पा रहा है, जिससे गर्मी और उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। मंगलवार सुबह से ही प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज धूप निकली हुई है और लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है।

मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, इस बार उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री में एक सप्ताह से अधिक की देरी हो सकती है। फिलहाल अगले कुछ दिनों तक गर्मी और लू का असर जारी रहने की संभावना है। मंगलवार को प्रदेश के 38 जिलों में हीटवेव और 16 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

यूपी-बिहार सीमा पर रुका मानसून

मौसम विभाग के अनुसार सामान्यतः मानसून 20 जून तक उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर जाता है, लेकिन इस बार यह बिहार-यूपी सीमा पर पहुंचकर थम गया है। पिछले करीब 15 दिनों से मानसून महराजगंज के आसपास सक्रिय है, लेकिन आगे नहीं बढ़ पा रहा। मौसम विशेषज्ञों का अनुमान है कि 28 से 29 जून के बीच मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।

बीते 24 घंटों में प्रयागराज का अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो देश में सबसे अधिक रहा। वहीं गोरखपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, मऊ, गाजीपुर और बलिया में बारिश दर्ज की गई।

बस्ती में आंधी और बारिश के चलते कई जगह पेड़ और बिजली के पोल गिर गए। एक पेड़ कार पर गिर गया, जबकि सड़क पर यूनिपोल गिरने से लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।

अगले पांच दिनों का मौसम

24 जून: पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में बारिश की संभावना, जबकि पूर्वी यूपी में लू का असर रहेगा।

25 जून: पूरे प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। तापमान में बढ़ोतरी होगी और लू चलने की संभावना है।

26 जून: पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में गर्मी का असर बना रहेगा। तापमान और बढ़ सकता है।प्रयागराज रहा देश का सबसे गर्म शहर

27 जून: पूर्वी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है, जबकि पश्चिमी यूपी में गर्मी जारी रहेगी।

28 जून: पश्चिमी यूपी में मौसम साफ रहने के आसार हैं, जबकि पूर्वी जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है।

वाराणसी में बढ़ेगी गर्मी

वाराणसी में मंगलवार सुबह तापमान 36 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि दिन में तापमान 41 डिग्री तक पहुंच सकता है। शहर में 14 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही हैं और आर्द्रता 43 प्रतिशत दर्ज की गई है।

मौसम वैज्ञानिक मनोज श्रीवास्तव के अनुसार अगले तीन से चार दिनों तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। ऐसे में लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने में सावधानी बरतने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी गई है।