UP Weather Update: आंधी-बारिश से बदला मौसम, आज लखनऊ-वाराणसी समेत 65 जिलों में बारिश का येलो अलर्ट
उत्तर प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से हो रही आंधी, बारिश और ओलावृष्टि के कारण मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल गया है। भीषण गर्मी से परेशान लोगों को राहत मिली है और तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 1 जून को भी प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने राजधानी लखनऊ समेत 65 से अधिक जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी जारी की है।
कई जिलों में येलो अलर्ट
मौसम विभाग के मुताबिक नोएडा, गाजियाबाद, सहारनपुर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, बागपत, मुरादाबाद, बिजनौर, हापुड़, आगरा, मथुरा, हाथरस, अलीगढ़, फिरोजाबाद, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, कन्नौज, फर्रुखाबाद, बदायूं, संभल, बरेली, झांसी, ललितपुर, रामपुर, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, हरदोई, बहराइच और श्रावस्ती समेत कई जिलों में आंधी और बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं लखनऊ, सीतापुर, बाराबंकी, अमेठी, प्रतापगढ़, प्रयागराज, अयोध्या, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, महाराजगंज, देवरिया, बस्ती, गोरखपुर, संत कबीर नगर, मऊ, बलिया, सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, जौनपुर, मिर्जापुर, आजमगढ़, वाराणसी, चंदौली और सोनभद्र समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी बारिश की संभावना जताई गई है।
लखनऊ समेत कई शहरों में छाए रहेंगे बादल
राजधानी लखनऊ में सुबह मौसम साफ रहने के बावजूद दिन चढ़ने के साथ बादलों की आवाजाही बढ़ने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
नोएडा, गाजियाबाद, अयोध्या, वाराणसी और आसपास के इलाकों में भी दिनभर आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि प्रदेश के कुछ हिस्सों में 6 जून तक हल्की बारिश और बूंदाबांदी का दौर जारी रह सकता है।
आने वाले दिनों में फिर बढ़ेगा तापमान
हालांकि बारिश के चलते फिलहाल लोगों को राहत मिली है, लेकिन मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। तराई क्षेत्रों में अगले 24 घंटों तक तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा, लेकिन उसके बाद वहां भी 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार फिलहाल प्रदेश में सक्रिय मौसम प्रणाली के कारण बारिश का दौर जारी रहेगा, लेकिन सप्ताह के अंत तक गर्मी फिर से अपना असर दिखा सकती है।
