Movie prime

UP Weather : आंधी-बारिश से बदला मौसम, 23 जिलों में आज गरज-चमक के साथ बरसेंगे मेघ, ओले गिरने की आशंका

 
Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। बुधवार देर रात कई जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। गाजियाबाद, नोएडा और हाथरस में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, वहीं मथुरा में हालात ज्यादा बिगड़े नजर आए।

मथुरा में तेज आंधी के चलते सड़क किनारे लगे बड़े-बड़े होर्डिंग गिर गए। कई जगह पेड़ उखड़ गए और बिजली के पोल भी गिर पड़े, जिससे बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। इतना ही नहीं, तेज हवाओं के कारण एक मकान की छत ढहने की भी खबर है। संभल जिले में भी आंधी का असर देखने को मिला।

इस बदले मौसम का सबसे ज्यादा असर किसानों पर पड़ा है। खेतों में खड़ी फसलें तेज हवाओं और बारिश की चपेट में आकर बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 23 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही 6 जिलों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार, 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे नुकसान की आशंका बनी हुई है।

तापमान की बात करें तो बुधवार को बांदा प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा, जहां अधिकतम तापमान 39.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं बुलंदशहर और आगरा में दिनभर धूल भरी आंधी चलती रही।

क्यों बदला मौसम?

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के मुताबिक, अफगानिस्तान के पास सक्रिय हुए पश्चिमी विक्षोभ का असर अब उत्तर प्रदेश में दिखाई दे रहा है। इसी वजह से मौसम में यह अचानक बदलाव आया है।

उन्होंने बताया कि 20 मार्च से इस सिस्टम का प्रभाव और बढ़ेगा, जिससे प्रदेश में अगले तीन दिनों तक आंधी-बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके चलते अधिकतम तापमान में 5 से 7 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है।