Movie prime

UP Weather : यूपी में फिर मौसम लेगा यू-टर्न, चलेंगी तेज हवाएं, कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट

 
Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम में बदलाव का सिलसिला लगातार जारी है। पहले कड़ाके की ठंड, फिर दिन के तापमान में बढ़ोतरी और अब प्रदेश में बारिश का नया दौर शुरू होने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार बृहस्पतिवार से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश के आसार बन रहे हैं, जिसका असर धीरे-धीरे मध्य और पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंचेगा। इस दौरान पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है, जिसे देखते हुए कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 22 जनवरी की देर शाम या रात में पश्चिमी उत्तर प्रदेश से बारिश की शुरुआत हो सकती है। मौसम विज्ञानी अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 23 जनवरी को पूर्वी उत्तर प्रदेश तक व्यापक बारिश होने के आसार हैं। वहीं 24 जनवरी को बारिश की तीव्रता में कमी आने की संभावना है और 25 जनवरी को मौसम के शुष्क हो जाने की उम्मीद है।

तापमान में आएगी बढ़ोतरी

मौसम विभाग का अनुमान है कि 22 से 24 जनवरी के बीच न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की तात्कालिक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले 48 घंटों के दौरान तापमान में इतनी ही और वृद्धि दर्ज की जा सकती है। हालांकि, हवाओं और नमी के कारण ठंड का असर महसूस होता रहेगा। 

26 जनवरी से फिर बदलेगा मिजाज

मौसम विज्ञानी ने बताया कि अगले पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 26 जनवरी से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का एक और दौर शुरू हो सकता है, जो 27 जनवरी तक पूर्वी उत्तर प्रदेश तक पहुंचेगा। इसके बाद क्रमिक बढ़ोतरी के साथ यह बारिश एक-दो दिन और जारी रह सकती है।

तेज हवाओं से बढ़ेगी सर्दी

मौसम विभाग के अनुसार इन मौसमी परिस्थितियों के चलते 23 जनवरी को प्रदेश के कुछ जिलों में मेघगर्जन के साथ 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं ओलावृष्टि की भी आशंका है। इन्हीं कारणों से प्रभावित जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और किसानों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है, ताकि बारिश और ओलावृष्टि से होने वाले संभावित नुकसान से बचा जा सके।