Movie prime

UP Weather : 15 मार्च से फिर मौसम लेगा यूटर्न, यूपी के इन 20 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

 
Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम ने लोगों को परेशान कर रखा है। एक तरफ सुबह-शाम घनी धुंध छाई रहती है, तो दिन में तेज धूप और भीषण गर्मी पड़ रही है। कई इलाकों में तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जिससे लोगों का हाल बेहाल है। गोरखपुर समेत 10 जिलों में शुक्रवार को भी चौथे दिन धुंध छाई रही, जहां विजिबिलिटी महज 50 से 100 मीटर तक सिमट गई।

इस बीच अच्छी खबर यह है कि उत्तराखंड में बर्फबारी शुरू हो गई है, जिसका असर यूपी में भी दिखने लगा है। आने वाले दिनों में ठंडी हवाएं चलेंगी और पारे में गिरावट आएगी। मौसम विभाग के अनुसार, पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी के अलावा एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसी वजह से 15 मार्च से प्रदेश में बारिश और आंधी का सिलसिला शुरू हो सकता है।

यह सीजन की पहली बारिश होगी, जो लोगों को गर्मी से बड़ी राहत देगी। काशी (वाराणसी), कानपुर समेत करीब 20 जिलों में रुक-रुक कर बारिश होने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया, "15 मार्च से पूर्वी और पश्चिमी यूपी में बारिश हो सकती है। इस दौरान 30-40 किमी/घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। मौसम में अचानक बदलाव से तापमान गिरेगा और रात में हल्की ठंड का एहसास होगा।"

बारिश का सबसे ज्यादा असर तराई और पूर्वांचल के इलाकों में दिख सकता है। तराई क्षेत्र के लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, पीलीभीत और पूर्वांचल के गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, मऊ, बलिया, वाराणसी, कानपुर, गाजीपुर, जौनपुर, चंदौली, बस्ती, संत कबीर नगर तथा आजमगढ़ जैसे जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की उम्मीद है।

पिछले 24 घंटों में बांदा सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके अलावा झांसी, आगरा, उरई और हमीरपुर में भी पारा 37 डिग्री के पार चला गया। काशी में तापमान में उछाल आने के बाद काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं को धूप-गर्मी से बचाने के लिए जर्मन हैंगर लगवा दिए हैं।

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल गर्मी और धुंध का सितम जारी रहेगा, लेकिन 15 मार्च के बाद मौसम पूरी तरह करवट लेगा। लोगों को सलाह दी जा रही है कि वे गर्मी से बचाव के साथ-साथ बारिश की तैयारी भी रखें।