Movie prime

UP Weather : बादल बरसेंगे या बढ़ाएंगे उमस? जानें आज कैसा रहेगा यूपी का मौसम

 
Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, 16 सितंबर को प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्सों के कई जिलों में बादल छाए रहने के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं। बारिश होने वाले इलाकों में लोगों को उमस और गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।

हालांकि, कई जगहों पर बादल छाने के बावजूद बारिश नहीं हुई तो लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ सकता है। तेज धूप के साथ वातावरण में नमी बढ़ने से कुछ जिलों में मौसम काफी चिपचिपा और परेशान करने वाला रह सकता है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 17 और 18 सितंबर को भी पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का दौर जारी रह सकता है। इसके बाद 19 सितंबर से पश्चिमी यूपी में मौसम के धीरे-धीरे शुष्क होने की संभावना है। इस दौरान पश्चिमी हिस्सों में आसमान साफ रह सकता है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बौछारें देखने को मिल सकती हैं।

इन जिलों में बारिश के आसार

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मेरठ, गाजियाबाद, गौतम बुद्ध नगर (नोएडा), बागपत, बिजनौर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली, बरेली, शाहजहांपुर, मुरादाबाद, रामपुर, आगरा, मथुरा, झांसी और जालौन में बारिश की संभावना जताई गई है।

वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश के गोरखपुर, बस्ती, संत कबीर नगर, गोंडा, बलरामपुर, बहराइच, देवरिया, कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, सीतापुर, हरदोई, कन्नौज, लखीमपुर खीरी, प्रयागराज, मिर्जापुर और फतेहपुर में भी बारिश या बौछारें पड़ सकती हैं।

भारी बारिश का अलर्ट नहीं

फिलहाल प्रदेश के किसी भी जिले में भारी बारिश को लेकर कोई गंभीर अलर्ट नहीं है। हालांकि, गरज-चमक और आकाशीय बिजली की स्थिति में सावधानी बरतने की जरूरत है। मौसम विभाग ने लोगों से बारिश और बिजली गिरने के दौरान खुले मैदान, पेड़ के नीचे और जलभराव वाले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी है। सुरक्षित स्थान पर रहना ही सबसे बेहतर विकल्प है।