Movie prime

UP Weather : 60 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, आज 44 जिलों में तेज बारिश-आंधी का अलर्ट

 
Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है। आंधी, बारिश और ओलों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी प्रदेश के 44 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

राजधानी लखनऊ और वाराणसी में फिलहाल मौसम साफ है, हालांकि ठंडी हवाएं लोगों को राहत दे रही हैं। वहीं, मथुरा के ग्रामीण इलाकों में सुबह हल्का कोहरा देखने को मिला। आगरा समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के करीब 10 जिलों में बादल छाए हुए हैं, जबकि पूर्वांचल के कई हिस्सों में धूप और बादलों की आंख-मिचौली जारी है।

बुधवार देर शाम बरेली और हरदोई समेत छह जिलों में ओलावृष्टि हुई। मेरठ और सहारनपुर में हालात ऐसे रहे कि सड़कों और खेतों पर ओलों की सफेद परत बिछ गई, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ।

पिछले 24 घंटों में प्रदेश के 30 जिलों में बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, औसतन 2.8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जो सामान्य से करीब 200 प्रतिशत अधिक है। वहीं, सबसे अधिक तापमान बांदा में 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रयागराज में तेज आंधी और बारिश के चलते गंगा नदी का जलस्तर बढ़ गया, जिससे फेरी घाट पर बना पांटून (पीपा) पुल बह गया। इससे आवागमन प्रभावित हुआ है।

लखनऊ के मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के मुताबिक, गुरुवार तक मौजूदा पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म हो जाएगा। हालांकि 11 अप्रैल से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है, जिससे एक बार फिर मौसम बिगड़ सकता है। इसके चलते तेज हवाओं के साथ बारिश होगी और तापमान में 6 से 8 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है।