Movie prime

सीएम योगी ने 94वीं जयंती पर किया कल्याण सिंह को नमन, बोले- यूपी के लिए प्रेरणा बना उनका जीवन

 
cm yogi
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यपाल स्वर्गीय कल्याण सिंह की 94वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। मुख्यमंत्री ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करते हुए कहा कि ‘बाबू जी’ ने अपने नाम को उत्तर प्रदेश के कल्याण से जोड़कर जीवन भर सार्थक किया। उनका पूरा जीवन जनसेवा, राष्ट्रवाद और सुशासन के लिए समर्पित रहा।

..

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कल्याण सिंह उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के पहले मुख्यमंत्री थे। वर्ष 1991 में जब उन्होंने प्रदेश की बागडोर संभाली, तब उत्तर प्रदेश अव्यवस्था, अराजकता और गुंडागर्दी से जूझ रहा था। आतंकी गतिविधियां बढ़ रही थीं और गांव, गरीब, किसान, युवा व महिलाओं तक सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं पहुंच पा रहा था। एक ओर प्रशासनिक अव्यवस्था थी, तो दूसरी ओर समाज 500 वर्षों की गुलामी के प्रतीकों से मुक्ति के लिए संघर्ष कर रहा था।

‘बाबू जी’ के कार्यों से जगा सुशासन का विश्वास

सीएम योगी ने कहा कि जब कल्याण सिंह ने सरकार का नेतृत्व संभाला, तो कुछ ही महीनों में प्रदेशवासियों को यह भरोसा होने लगा था कि उत्तर प्रदेश सुशासन के रास्ते पर चलकर विकास की नई ऊंचाइयों को छुएगा। हालांकि, उन्हें अस्थिर करने की साजिशें भी शुरू हो गईं और प्रदेश में फिर से अव्यवस्था फैलाने के प्रयास हुए।

...

सत्ता से बड़ा था राष्ट्रधर्म

मुख्यमंत्री ने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन के चरम पर पहुंचने के दौरान कल्याण सिंह ने रामभक्तों और संत समाज की भावनाओं का सम्मान करते हुए सत्ता का त्याग करने में भी संकोच नहीं किया। उनकी सरकार चली गई, लेकिन उन्होंने अपने आराध्य प्रभु श्रीराम के प्रति कर्तव्य निभाने से पीछे कदम नहीं हटाया। सीएम योगी ने कहा कि ‘बाबू जी’ का कार्यकाल सुशासन, विकास और राष्ट्रवादी मिशन को आगे बढ़ाने के लिए हमेशा याद किया जाएगा।

संघ की पाठशाला से सीखा राष्ट्रवाद

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कल्याण सिंह का जन्म एक किसान परिवार में हुआ था। उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की पाठशाला में राष्ट्रवाद का पाठ पढ़ा और उसे जीवन का मंत्र बना लिया। विधायक, मंत्री, सांसद, मुख्यमंत्री और राज्यपाल के रूप में उनकी सेवाएं देश और प्रदेश के लिए सदैव स्मरणीय रहेंगी। उन्होंने जीवन भर अपने नाम को उत्तर प्रदेश के ‘कल्याण’ के साथ जोड़कर उसे सार्थक किया।

कई प्रमुख नेता रहे मौजूद

इस अवसर पर स्वर्गीय कल्याण सिंह के पुत्र व पूर्व सांसद राजवीर सिंह, भाजपा उत्तर प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष चौधरी भूपेंद्र सिंह, सांसद सतीश गौतम, मुकेश राजपूत, कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद, राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी, उनके पौत्र व बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।