यूपी में मौसम का यू-टर्न! 90 KM की रफ्तार से चलेंगी तेज हवाएं, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए राहत भरी खबर है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार रविवार, 14 जून से प्रदेश के मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक और मूसलाधार बारिश का हाई अलर्ट जारी किया है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक कई क्षेत्रों में 80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इसके साथ ही तेज बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की जा सकती है और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी।
इन जिलों में जारी हुआ अलर्ट
मौसम विभाग ने प्रतापगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या और अंबेडकर नगर समेत कई जिलों में तेज आंधी और भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
प्रशासन और बिजली विभाग की बढ़ी चिंता
80 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त होने और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि आंधी-तूफान के दौरान खुले स्थानों, बड़े पेड़ों, जर्जर इमारतों और बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचें तथा सुरक्षित स्थानों पर रहें।
लखनऊ में भी मिलेगी राहत
राजधानी लखनऊ में भी मौसम सुहावना रहने की संभावना है। रविवार को अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आंधी और बारिश के बाद उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रमुख शहरों में मानसून की संभावित एंट्री
शहर संभावित तारीख
वाराणसी 16-18 जून
गोरखपुर 15-17 जून
प्रयागराज 18-20 जून
अयोध्या 18-21 जून
लखनऊ 20-23 जून
कानपुर 20-23 जून
झांसी 22-25 जून
बरेली 24-27 जून
मुरादाबाद 25-28 जून
नोएडा 26-29 जून
गाजियाबाद 26-29 जून
मेरठ 26-29 जून
सहारनपुर 27-30 जून
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी अपडेट पर नजर रखें और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें।
