Movie prime

यूपी में दूसरे दिन भी बदला मौसम का मिजाज, आज भी कई जिलों में आंधी-बारिश और बिजली गिरने की अलर्ट

.
 
Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू के बीच मौसम लगातार दूसरे दिन बदला हुआ है। प्रदेश के कई जिलों में आंधी-बारिश का दौर जारी है। गुरुवार सुबह से पूरे प्रदेश में बादल छाए रहे और कई जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। कानपुर, आगरा, मथुरा, गोंडा, उन्नाव और भदोही में तड़के गरज-चमक के साथ तेज बारिश हुई। वहीं लखनऊ में रुक-रुक कर बूंदाबांदी और ठंडी हवाएं चलती रहीं।

68 जिलों में बारिश और बिजली गिरने का अलर्ट

भारतीय मौसम विभाग ने प्रदेश के 68 जिलों में बारिश, तेज आंधी और बिजली गिरने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले 5 दिन तक मौसम खराब बना रह सकता है।

कई जिलों में ओलावृष्टि

बुधवार को प्रयागराज, वाराणसी समेत 30 से ज्यादा जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई। वहीं बाराबंकी, अमेठी, रायबरेली और जौनपुर सहित कई जिलों में ओले भी गिरे।

वाराणसी में हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रति घंटा रिकॉर्ड की गई, जबकि अयोध्या में 87 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं।

बांदा अब भी सबसे गर्म

बारिश और तेज हवाओं के बावजूद बांदा प्रदेश का सबसे गर्म शहर बना हुआ है। यहां अधिकतम तापमान 45.8°C दर्ज किया गया। वहीं बारिश के आंकड़ों में गोरखपुर में 19.2 मिमी, प्रयागराज में 11.2 मिमी और वाराणसी में 9 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

अगले 5 दिन ऐसा रहेगा मौसम

लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, उत्तरी पाकिस्तान और जम्मू-कश्मीर के आसपास बने चक्रवाती सिस्टम का असर पूरे प्रदेश में दिखाई दे रहा है।

उन्होंने बताया कि मई के पहले सप्ताह तक बारिश, तेज हवाएं और आंधी-तूफान का सिलसिला जारी रह सकता है। कई जगहों पर बिजली गिरने और ओलावृष्टि की भी संभावना है।