Movie prime

यूपी में अगले 5 दिनों तक बिगड़ा रहेगा मौसम, 26 जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट

 
UP Weather
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

उत्तर प्रदेश में मौसम लगातार करवट बदल रहा है। रविवार तड़के लखनऊ, अयोध्या और अंबेडकरनगर समेत कई जिलों में तेज आंधी और बारिश हुई। कई इलाकों में बिजली कड़कने की भी सूचना है। ठंडी हवाओं और बादलों की वजह से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है।

मौसम विभाग ने आज प्रदेश के 26 जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं और कई जगह बिजली गिरने की आशंका भी है। पश्चिमी यूपी के कुछ इलाकों में ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है।

अगले 5 दिन मौसम रहेगा खराब

लखनऊ स्थित मौसम वैज्ञानिक अतुल सिंह के मुताबिक, पहाड़ी इलाकों में हो रही बारिश और नए पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम में बड़ा बदलाव आया है। अगले पांच दिनों तक प्रदेश में आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।

जालौन सबसे गर्म, बिजनौर सबसे ठंडा

पिछले 24 घंटों में ललितपुर और कुशीनगर समेत कई जिलों में बारिश हुई, जबकि झांसी सहित पांच जिलों में तेज आंधी चली। जालौन 43.6°C के साथ प्रदेश का सबसे गर्म जिला रहा। वहीं बिजनौर में न्यूनतम तापमान 18.4°C दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले चार दिनों में प्रदेश के ज्यादातर शहरों में बारिश हुई है। आंधी और बारिश से जुड़ी घटनाओं में अब तक 17 लोगों की मौत हो चुकी है।

इन जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, लखीमपुर-खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, गोंडा, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीरनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, मथुरा, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, औरैया और कानपुर देहात समेत आसपास के इलाकों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है।