इंस्टाग्राम पर इश्क चढ़ा परवान, चार बच्चों को छोड़ प्रेमी संग महिला फरार
रायबरेली। उत्तर प्रदेश के रायबरेली जिले से सोशल मीडिया से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक शादीशुदा महिला की दोस्ती इंस्टाग्राम पर रील और चैटिंग के जरिए एक युवक से हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई। मामला इतना आगे बढ़ा कि महिला अपने चार बच्चों और परिवार को छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई। पीड़ित पति ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है।
यह घटना डीह थाना क्षेत्र के टेकारी दांदू गांव की बताई जा रही है। गांव निवासी राजेश कुमार मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। उसकी शादी कई साल पहले हुई थी और दंपति के चार बच्चे हैं। परिवार सामान्य तरीके से चल रहा था, इसी बीच राजेश की पत्नी सोशल मीडिया पर अधिक समय बिताने लगी।
इंस्टाग्राम पर महिला की पहचान ‘रिंकू’ नाम की आईडी चलाने वाले युवक से हुई। पहले सामान्य बातचीत हुई, फिर चैटिंग का सिलसिला बढ़ता चला गया। कुछ ही समय में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और प्यार हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों ने पहले से योजना बनाकर मिलने का समय और जगह तय की।
परिवार को बिना जानकारी दिए महिला अपने बच्चों को घर पर छोड़कर प्रेमी के साथ चली गई। जब काफी देर तक महिला घर नहीं लौटी, तो पति और परिजनों ने तलाश शुरू की। बाद में पूरे मामले की जानकारी सामने आने पर राजेश कुमार ने डीह थाने में शिकायत दर्ज कराई।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सोशल मीडिया के जरिए रिश्तों में बढ़ती नजदीकियों और परिवारों के टूटने के इस मामले ने इलाके में चर्चा का विषय बना दिया है।
