Movie prime

चुनाव से पहले योगी सरकार का बड़ा दांव! आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं का बढ़ेगा मानदेय, आज अयोध्या से होगा ऐलान

 
CM Yogi
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

लखनऊ/अयोध्या। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले योगी सरकार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बड़ा तोहफा देने की तैयारी में है। सरकार प्रदेश की करीब 3.28 लाख आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के मानदेय में बढ़ोतरी का ऐलान कर सकती है। प्रस्तावित बढ़ोतरी के तहत आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में 4 हजार रुपये और सहायिकाओं के मानदेय में 2 हजार रुपये की वृद्धि की जाएगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अयोध्या में आयोजित कार्यक्रम के दौरान मानदेय बढ़ाने की घोषणा कर सकते हैं। इसी कार्यक्रम में नवनियुक्त आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे। कार्यक्रम को लेकर अयोध्या प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

महिला एवं बाल कल्याण मंत्री बेबी रानी मौर्य के मुताबिक, प्रदेश में हाल ही में 71,310 आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भर्ती की गई है। इनमें 21,804 आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 49,506 सहायिकाएं शामिल हैं।
सवा तीन लाख से ज्यादा परिवारों पर पड़ेगा सीधा असर

प्रदेश में 1.89 लाख आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और 1.39 लाख सहायिकाएं काम कर रही हैं। ऐसे में मानदेय बढ़ने से सवा तीन लाख से ज्यादा परिवारों को सीधे आर्थिक राहत मिलने की उम्मीद है। आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में घर-घर तक पहुंच होने के कारण सरकार के इस फैसले को चुनावी लिहाज से भी अहम माना जा रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, चुनाव से पहले सरकार का फोकस उन महिला कर्मचारियों पर है, जिनकी जमीनी स्तर पर लोगों के बीच सीधी पहुंच है। इससे पहले बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों में काम करने वाले रसोइयों के मानदेय और सुविधाओं में भी बढ़ोतरी की गई थी।

आंगनवाड़ी नेटवर्क सरकार की विभिन्न योजनाओं को लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। ऐसे में मानदेय बढ़ोतरी से सरकार को एक तरफ कर्मचारियों को आर्थिक राहत देने का संदेश मिलेगा, वहीं दूसरी तरफ उसका जमीनी नेटवर्क भी मजबूत हो सकता है।


अयोध्या में जुटेंगी हजारों महिलाएं

मुख्य कार्यक्रम अयोध्या के जीआईसी मैदान में आयोजित किया जा रहा है। इसमें अयोध्या मंडल से करीब 12 से 15 हजार आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं के शामिल होने की संभावना है। राशन वितरण से जुड़े स्वयं सहायता समूहों (SHG) की महिलाएं भी कार्यक्रम में हिस्सा लेंगी।

मुख्यमंत्री की मौजूदगी में अयोध्या में मुख्य समारोह होगा, जबकि प्रदेश के अन्य जिलों में भी समानांतर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अयोध्या में कार्यक्रम की तैयारियों की निगरानी मुख्य विकास अधिकारी कृष्ण कुमार सिंह कर रहे हैं।

ऐसा रहेगा CM योगी का कार्यक्रम

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को अयोध्या में करीब तीन घंटे रहेंगे। तय कार्यक्रम के अनुसार वह दोपहर 2:50 बजे जीआईसी मैदान पहुंचेंगे। यहां शाम करीब 4 बजे तक नियुक्ति पत्र वितरित करने के साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान करेंगे और मानदेय बढ़ोतरी का ऐलान करेंगे।

इसके बाद मुख्यमंत्री हेलीकॉप्टर से राम कथा पार्क हेलीपैड पहुंचेंगे। शाम करीब 4:15 बजे वह हनुमानगढ़ी मंदिर में दर्शन-पूजन करेंगे। इसके बाद श्रीराम जन्मभूमि मंदिर पहुंचकर रामलला के दर्शन और आरती करेंगे। मुख्यमंत्री शाम करीब 5 बजे अयोध्या से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।