Movie prime

योगी सरकार का ग्राम प्रहरियों को बड़ा तोहफा, अब हर महीने मिलेंगे ₹3500; परिवार को ₹5 लाख तक कैशलेस इलाज 

 
Yogi
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

बरेली। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के करीब 68 हजार ग्राम प्रहरियों के मानदेय में एक हजार रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी करने की घोषणा की है। इसके बाद ग्राम प्रहरियों को अब 2500 रुपये की जगह 3500 रुपये प्रतिमाह मिलेंगे। इसके साथ ही सरकार ग्राम प्रहरियों और उनके परिवारों को सालाना पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा देने की दिशा में भी कदम उठा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाने में ग्राम प्रहरियों की भूमिका बेहद अहम है। उनकी सतर्कता और समय पर दी गई सूचना किसी बड़ी घटना को रोकने में मददगार साबित हो सकती है।

बरेली पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि ग्राम प्रहरी गांव में सीसीटीवी कैमरे की तरह काम करते हैं। उन्हें अपने आसपास होने वाली गतिविधियों पर नजर रखनी चाहिए और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि ग्राम प्रहरियों को खुद किसी से उलझने या कार्रवाई करने की जरूरत नहीं है। उनका काम सूचनाएं जुटाकर पुलिस तक पहुंचाना है, ताकि समय रहते आवश्यक कदम उठाए जा सकें।

2500 से बढ़कर 3500 रुपये हुआ मानदेय

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2017 से पहले ग्राम प्रहरियों को 1500 रुपये प्रतिमाह मानदेय मिलता था। वर्ष 2019 में इसे बढ़ाकर 2500 रुपये किया गया और अब इसमें एक हजार रुपये की और बढ़ोतरी की गई है। इस तरह प्रत्येक ग्राम प्रहरी को सालाना 12 हजार रुपये अतिरिक्त मिलेंगे।

सरकार का कहना है कि ग्राम प्रहरियों की जिम्मेदारियों को देखते हुए उनकी आर्थिक स्थिति और सुविधाओं में सुधार जरूरी है। मानदेय बढ़ाने के साथ उन्हें सुरक्षा व्यवस्था का और प्रभावी हिस्सा बनाने पर भी जोर दिया जा रहा है।

ग्राम प्रहरी और उनके परिवार को मिलेगा पांच लाख तक कैशलेस इलाज

सीएम योगी ने ग्राम प्रहरियों के कल्याण के लिए स्वास्थ्य सुविधा की भी घोषणा की। उन्होंने कहा कि प्रदेश के करीब 68 हजार ग्राम प्रहरियों और उनके परिवारों को पांच लाख रुपये तक कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार कदम उठा रही है। इससे बीमारी की स्थिति में उन्हें उपचार के लिए आर्थिक मदद मिल सकेगी।

हर सप्ताह ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक करेंगे पुलिस अधिकारी

मुख्यमंत्री ने गृह विभाग को निर्देश दिया कि जिन स्थानों पर ग्राम प्रहरियों के पद खाली हैं, वहां नियुक्ति की व्यवस्था की जाए। साथ ही थानाध्यक्ष या क्षेत्र के दरोगा को सप्ताह में कम से कम एक दिन ग्राम प्रहरियों के साथ बैठक करनी चाहिए। इन बैठकों में गांव की समस्याओं, संदिग्ध गतिविधियों और सुरक्षा से जुड़े मामलों पर चर्चा की जाए।

उन्होंने कहा कि गांवों में होने वाली घटनाओं की जानकारी समय पर मिलना जरूरी है। ग्राम प्रहरी स्थानीय परिस्थितियों से परिचित होते हैं, इसलिए उनकी सूचना पुलिस के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। पुलिस और ग्राम प्रहरियों के बीच नियमित संवाद से समस्याओं का समय रहते समाधान निकालने में मदद मिलेगी।

अफवाहों, वन्यजीवों और भू-माफिया पर नजर रखने की अपील

सीएम योगी ने ग्राम प्रहरियों से अपील की कि वे गांवों में फैलने वाली अफवाहों, भू-माफिया की गतिविधियों और वन्यजीवों से जुड़े संभावित खतरों के प्रति सतर्क रहें। उन्होंने पीलीभीत, लखीमपुर खीरी और बहराइच जैसे जिलों का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ इलाकों में वन्यजीवों से जुड़ी घटनाएं ग्रामीणों के लिए खतरा पैदा कर सकती हैं।

मुख्यमंत्री के मुताबिक, ऐसी परिस्थितियों में ग्राम प्रहरियों की समय पर दी गई सूचना प्रशासन को जरूरी कदम उठाने में मदद कर सकती है। उन्होंने कहा कि संदिग्ध गतिविधि की पूरी पुष्टि न होने पर भी पुलिस को जानकारी दी जा सकती है, ताकि मामले की जांच की जा सके।

'2017 से पहले सत्ता में रहने वाले ही लूट-खसोट करते थे'

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वर्ष 2017 से पहले की सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उस समय सत्ता में बैठे लोगों पर लूट-खसोट के आरोप लगते थे और आम जनता को सुरक्षा को लेकर चिंता रहती थी। सीएम ने दावा किया कि वर्तमान सरकार में अपराधियों के मन में कानून का भय बढ़ा है और लोग सुरक्षित माहौल में त्योहार मना रहे हैं।

शारदीय नवरात्रि का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि पहले त्योहारों के दौरान उपद्रव की आशंका बनी रहती थी, लेकिन अब प्रदेश में लोग उत्साह के साथ पर्व मना रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंदिरों और पूजा पंडालों में श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि महिलाओं की सुरक्षा से खिलवाड़ करने, लूट या चेन स्नेचिंग जैसी घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उनके मुताबिक, बेहतर कानून-व्यवस्था से प्रदेश की छवि में सुधार हुआ है और व्यापार तथा निवेश को भी बढ़ावा मिला है।

11 ग्राम प्रहरियों को किया सम्मानित

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 ग्राम प्रहरियों को साफा पहनाकर और गिफ्ट हैम्पर देकर सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में बरेली के राजवीर सिंह, कुंवर पाल सिंह और राम राठौर, पीलीभीत के राजेंद्र वाल्मीकि, शाहजहांपुर के कमलेश, मुरादाबाद के कमलेश सिंह सैनी, बिजनौर के राजेश सैनी, संभल के अनिल वाल्मीकि, रामपुर के ध्यान सिंह चौहान और प्रकाश तथा अमरोहा के तेजपाल प्रजापति शामिल रहे।

कार्यक्रम में वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मानदेय बढ़ाने के फैसले को ग्राम प्रहरियों के प्रति सरकार की संवेदनशीलता का प्रमाण बताया। वहीं, कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने दावा किया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था में सुधार से ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा का माहौल मजबूत हुआ है।

समारोह में कई जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने ग्राम प्रहरियों से अपनी जिम्मेदारी गंभीरता से निभाने और गांवों में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।