Movie prime

काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा में तैनात होंगे केंद्रीय सशस्त्र बल, यूपी कैबिनेट ने 4.19 एकड़ जमीन देने पर लगाई मुहर

 
Shri Kashi
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी के श्रीकाशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने की तैयारी तेज हो गई है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र की सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र बलों की स्थायी तैनाती का रास्ता साफ हो रहा है। इसको लेकर उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने वाराणसी के किला कोहना और सरैताबाद गांव में स्थित 4.19 एकड़ सरकारी जमीन केंद्रीय गृह मंत्रालय को मुफ्त पट्टे पर देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। इस जमीन की अनुमानित बाजार कीमत करीब 44 करोड़ रुपये बताई गई है।

90 साल तक पट्टे पर दी जाएगी जमीन

यूपी सरकार की ओर से यह जमीन अधिकतम 90 साल के लिए पट्टे पर दी जाएगी। पट्टे की अवधि हर 30 साल बाद नवीनीकृत की जाएगी। जमीन का इस्तेमाल केवल काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा से जुड़े कार्यों के लिए ही किया जा सकेगा। इसके अलावा, इस जमीन को किसी अन्य उद्देश्य के लिए इस्तेमाल करने या किसी दूसरे व्यक्ति अथवा संस्था को हस्तांतरित करने की अनुमति नहीं होगी।

जमीन का मालिकाना हक यूपी सरकार के पास ही रहेगा

इस जमीन को केंद्र सरकार को पट्टे पर दिए जाने के बावजूद इसका मालिकाना हक उत्तर प्रदेश सरकार के पास ही रहेगा। जमीन हस्तांतरण से जुड़ी पूरी प्रक्रिया न्यायालय के अंतिम फैसले के अधीन होगी। सरकार ने जमीन के उपयोग को लेकर स्पष्ट शर्तें तय की हैं, ताकि इसका इस्तेमाल केवल मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए ही हो।
जिलाधिकारी तैयार कराएंगे पट्टे से जुड़े दस्तावेज

जमीन पट्टे पर देने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी 

जिलाधिकारी वाराणसी को सौंपी गई है। राज्यपाल की ओर से उन्हें पट्टे से जुड़े जरूरी दस्तावेज तैयार कराने के लिए अधिकृत किया गया है।

इस फैसले के बाद काशी विश्वनाथ धाम की सुरक्षा के लिए केंद्रीय सशस्त्र बलों की स्थायी तैनाती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इससे मंदिर परिसर और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, सुरक्षा इंतजाम और व्यवस्था को पहले से अधिक मजबूत बनाने में मदद मिल सकती है।