Movie prime

Chhath Puja 2026: कौन हैं छठी मइया? जानिए छठ महापर्व से जुड़ी पौराणिक कथाएं और इसका धार्मिक महत्व

छठ पूजा में भगवान सूर्य और छठी मइया की उपासना का विशेष महत्व है। जानिए कौन हैं छठी मइया, सूर्य देव से उनका क्या संबंध है और राजा प्रियंवद, सूर्य पुत्र कर्ण तथा द्रौपदी से जुड़ी छठ महापर्व की तीन प्रचलित पौराणिक कथाएं।

 
Chhath Puja 2026
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Chhath Puja 2026: छठ पूजा को हिंदू धर्म के सबसे कठिन और आस्था से जुड़े पर्वों में गिना जाता है। इस महापर्व में व्रती महिलाएं और पुरुष संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के साथ भगवान सूर्य और छठी मइया की उपासना करते हैं। चार दिनों तक चलने वाले इस पर्व में साफ-सफाई, पवित्रता और नियमों का विशेष ध्यान रखा जाता है। व्रती करीब 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखते हैं और डूबते तथा उगते सूर्य को अर्घ्य देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि छठी मइया कौन हैं और छठ पूजा की शुरुआत कैसे हुई थी? आइए जानते हैं इस महापर्व से जुड़ी तीन प्रचलित पौराणिक कथाएं।

छठ पूजा से जुड़ी पहली पौराणिक कथा

पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, प्राचीन समय में राजा प्रियंवद की कोई संतान नहीं थी। संतान प्राप्ति की इच्छा से उन्होंने महर्षि कश्यप के कहने पर पुत्रेष्टि यज्ञ कराया। यज्ञ के बाद महर्षि ने राजा की पत्नी रानी मालिनी को यज्ञ से तैयार खीर खाने के लिए दी। इसके प्रभाव से रानी गर्भवती हुईं और उन्हें पुत्र की प्राप्ति हुई, लेकिन जन्म के समय बच्चा मृत था।

पुत्र की मृत्यु से राजा प्रियंवद बेहद दुखी हो गए। वह अपने मृत पुत्र के शरीर को लेकर श्मशान पहुंचे और पुत्र वियोग में खुद भी प्राण त्यागने लगे। तभी वहां भगवान की मानस कन्या देवसेना प्रकट हुईं। उन्होंने राजा से कहा कि वह सृष्टि की मूल प्रवृत्ति के छठे अंश से उत्पन्न हुई हैं, इसलिए उन्हें षष्ठी कहा जाता है।

देवी ने राजा को उनकी पूजा करने और दूसरे लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करने की सलाह दी। इसके बाद राजा प्रियंवद ने संतान प्राप्ति की इच्छा से पूरी श्रद्धा के साथ देवी षष्ठी का व्रत और पूजन किया। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस पूजा के फलस्वरूप उन्हें पुत्र रत्न की प्राप्ति हुई। कहा जाता है कि यह पूजा कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को हुई थी। तभी से संतान की कामना के लिए छठ पूजा करने की परंपरा शुरू हुई।

छठ पूजा की दूसरी कथा: सूर्य पुत्र कर्ण से जुड़ा है इतिहास

छठ पूजा से जुड़ी एक अन्य प्रचलित मान्यता महाभारत काल से संबंधित है। धार्मिक कथाओं के अनुसार, सूर्य पुत्र कर्ण भगवान सूर्य के परम भक्त थे। वह प्रतिदिन घंटों तक पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर को अर्घ्य देते थे और उनकी उपासना करते थे।

मान्यता है कि कर्ण की सूर्य देव के प्रति इसी गहरी श्रद्धा और नियमित उपासना से छठ पर्व की परंपरा जुड़ी हुई है। भगवान सूर्य की कृपा से ही कर्ण को महान योद्धा बनने का आशीर्वाद प्राप्त हुआ था। इसी वजह से छठ पूजा में सूर्य देव को अर्घ्य देने की परंपरा को विशेष महत्व दिया जाता है।

छठ पूजा की तीसरी कथा: द्रौपदी और पांडवों से जुड़ी मान्यता

छठ पूजा की एक तीसरी पौराणिक कथा महाभारत में पांडवों और द्रौपदी से जुड़ी हुई है। धार्मिक मान्यताओं के मुताबिक, जब पांचों पांडव जुए में अपना राजपाट हार गए थे, तब द्रौपदी ने छठ व्रत किया था।

कहा जाता है कि छठी मइया और सूर्य देव की कृपा से पांडवों को अपना खोया हुआ राजपाट वापस मिल गया। इसी मान्यता के कारण छठ व्रत को परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली से जोड़कर देखा जाता है।

कौन हैं छठी मइया? जानिए सूर्य देव से क्या है संबंध

छठ पूजा में भगवान सूर्य के साथ छठी मइया की उपासना भी की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठी मइया को सूर्य देव की बहन माना जाता है। उन्हें संतान की रक्षा करने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है। मान्यता है कि छठी मइया की आराधना करने से संतान को लंबी आयु, अच्छा स्वास्थ्य और सुखी जीवन का आशीर्वाद मिलता है।

हिंदू परंपरा में बच्चे के जन्म के छठे दिन छठी यानी छठिहार मनाने की भी परंपरा है। ऐसी मान्यता है कि जन्म के शुरुआती छह दिनों में छठी मइया नवजात शिशु की रक्षा करती हैं और उस पर अपनी कृपा बनाए रखती हैं। यही वजह है कि छठी मइया को बच्चों की रक्षा करने वाली देवी माना जाता है।

छठ पूजा में 36 घंटे के निर्जला व्रत का महत्व

छठ महापर्व में नियम, संयम और पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। इस व्रत में महिलाएं ही नहीं, पुरुष भी भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना करते हैं। संतान की लंबी आयु, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की खुशहाली की कामना से व्रती लगभग 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखते हैं।

छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली सामग्री और प्रसाद की शुद्धता का विशेष ध्यान रखा जाता है। व्रती पूरी श्रद्धा और नियम-निष्ठा के साथ पूजा करते हैं। इस दौरान डूबते सूर्य को संध्या अर्घ्य और उगते सूर्य को उषा अर्घ्य दिया जाता है।

धार्मिक मान्यता है कि छठी मइया और सूर्य देव की उपासना करने से परिवार में सुख-समृद्धि बनी रहती है और संतान पर आने वाले संकट दूर होते हैं। यही वजह है कि छठ महापर्व के प्रति लोगों की गहरी आस्था और श्रद्धा देखने को मिलती है।

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारियां धार्मिक मान्यताओं और पौराणिक कथाओं पर आधारित हैं। इनकी वैज्ञानिक पुष्टि नहीं की गई है।