Movie prime

Dev Uthani Ekadashi 2026 : देवउठनी एकादशी के साथ खत्म होगा चातुर्मास, जानिए नवंबर-दिसंबर में कब-कब बजेगी शहनाई

 
Devuthani
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। सनातन धर्म में देवउठनी एकादशी का विशेष धार्मिक महत्व है। मान्यता है कि कार्तिक शुक्ल पक्ष की एकादशी पर भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। इस वर्ष 20 नवंबर, शुक्रवार को देवोत्थान या देवउठनी एकादशी मनाई जाएगी। इसी के साथ चातुर्मास समाप्त होगा और विवाह सहित अन्य मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाएगी।

इस दिन श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना करेंगे। घरों और मंदिरों में तुलसी विवाह का आयोजन होगा। माता तुलसी और भगवान शालिग्राम के विवाह की रस्में विधि-विधान से संपन्न की जाएंगी। इसके साथ ही गन्ने के नेवान की परंपरा भी निभाई जाएगी।

देवउठनी एकादशी के बाद गूंजेंगी शहनाइयां

देवउठनी एकादशी के साथ ही लंबे समय से मांगलिक कार्यों का इंतजार कर रहे लोगों के लिए शुभ अवसर शुरू हो जाएंगे। नवंबर और दिसंबर में विवाह के लिए सीमित शुभ मुहूर्त उपलब्ध हैं। ऐसे में इन तारीखों पर शादियों की रौनक देखने को मिलेगी। कहीं बैंड-बाजे बजेंगे तो कहीं शहनाइयों की धुन सुनाई देगी। घरों में शादी की तैयारियां और मेहमानों की चहल-पहल शुरू हो जाएगी।

काशी हिंदू विश्वविद्यालय के ज्योतिष विभाग के पूर्व अध्यक्ष एवं काशी विद्वत परिषद के संगठन मंत्री प्रो. विनय कुमार पांडेय के अनुसार, इस बार नवंबर में विवाह के पांच और दिसंबर में भी पांच शुभ मुहूर्त उपलब्ध हैं।

उन्होंने बताया कि विवाह का शुभ मुहूर्त तय करने में तिथि, वार, लग्न, नक्षत्र और करण का विशेष महत्व होता है। केवल तिथि या नक्षत्र अनुकूल होने से विवाह का मुहूर्त नहीं बनता। सभी ज्योतिषीय परिस्थितियों का अनुकूल होना जरूरी है।

20 नवंबर की रात के बाद विवाह के शुभ लग्न

प्रो. पांडेय के मुताबिक, 19 नवंबर की रात लगभग दो बजे एकादशी तिथि शुरू होगी, जो 20 नवंबर की रात करीब दो बजे तक रहेगी। 20 नवंबर को दोपहर 2:25 बजे भद्रा लग जाएगी। इसलिए तुलसी विवाह का अनुष्ठान भद्रा शुरू होने से पहले संपन्न करना उचित रहेगा।

भद्रा 21 नवंबर की सुबह 3:49 बजे समाप्त होगी। इसके बाद विवाह के लिए शुभ समय बनेगा। नवंबर में 20, 21, 24, 25 और 26 नवंबर को विवाह के शुभ लग्न बताए गए हैं।

वहीं, 30 नवंबर को मंगल की युति, भद्रा और वैधृति योग तथा 1 दिसंबर को मंगल युति के कारण विवाह के लिए शुभ मुहूर्त नहीं रहेगा।

दिसंबर में इन तारीखों पर होंगे विवाह

नवंबर के बाद दिसंबर में भी शादी के लिए पांच शुभ तारीखें मिलेंगी। ज्योतिषीय गणना के अनुसार, 2, 3, 5, 11 और 12 दिसंबर को विवाह के शुभ लग्न रहेंगे।

12 दिसंबर के बाद विवाह के लिए कोई शुभ लग्न नहीं है। 16 दिसंबर की रात सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ खरमास शुरू हो जाएगा। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार खरमास में विवाह और अन्य मांगलिक कार्य नहीं किए जाते हैं।

सिर्फ गुण मिलान नहीं, चंद्रबल का विचार भी जरूरी

ज्योतिर्विद आचार्य दैवज्ञ कृष्ण शास्त्री के अनुसार, विवाह के लिए केवल कुंडली मिलान और गुणों का मिलान पर्याप्त नहीं माना जाता। वर-वधू की जन्मकुंडली के साथ विवाह के दिन ग्रहों की गोचर स्थिति पर भी विचार करना जरूरी है।

उन्होंने बताया कि विशेष रूप से विवाह के दिन गोचरस्थ चंद्रमा की स्थिति देखनी चाहिए। यदि चंद्रमा वर या वधू की जन्मराशि से छठे, आठवें या बारहवें भाव में हो तो ऐसे मुहूर्त से बचने की सलाह दी जाती है। इसे चंद्रबल विचार कहा जाता है।

आचार्य शास्त्री ने यह भी कहा कि वैवाहिक जीवन को सुखद बनाने के लिए कुंडली और गुण मिलान के साथ वर-वधू के विचारों, आपसी समझ और स्वभाव का मेल भी महत्वपूर्ण है।

नवंबर-दिसंबर 2026 में विवाह के शुभ मुहूर्त

नवंबर 2026
- 20 नवंबर, शुक्रवार
- 21 नवंबर, शनिवार
- 24 नवंबर, मंगलवार
- 25 नवंबर, बुधवार
- 26 नवंबर, गुरुवार

दिसंबर 2026
- 2 दिसंबर, बुधवार
- 3 दिसंबर, गुरुवार
- 5 दिसंबर, शनिवार
- 11 दिसंबर, शुक्रवार
- 12 दिसंबर, शनिवार

इस तरह देवउठनी एकादशी के साथ ही शादी-विवाह के आयोजनों की शुरुआत हो जाएगी। हालांकि, विवाह की अंतिम तारीख और समय तय करने से पहले वर-वधू की जन्मकुंडली के अनुसार स्थानीय पंचांग और ज्योतिषाचार्य से मुहूर्त की पुष्टि जरूर कर लें।