Movie prime

चातुर्मास खत्म होते ही शुरू होंगे मांगलिक कार्य, जानें नवंबर-दिसंबर की शुभ तिथियां

देवउठनी एकादशी 20 नवंबर को मनाई जाएगी। भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के साथ चातुर्मास समाप्त होगा और विवाह सहित मांगलिक कार्य शुरू होंगे। काशी के ज्योतिषाचार्यों ने नवंबर और दिसंबर के विवाह मुहूर्त बताए हैं। जानिए शुभ तारीखें, भद्रा का समय और खरमास कब से लगेगा।

 
चातुर्मास
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

Dev Uthani Ekadashi 2026: देवउठनी एकादशी के साथ ही चातुर्मास समाप्त हो जाएगा और सनातन धर्म में मांगलिक कार्यों की शुरुआत होगी। इस वर्ष 20 नवंबर को कार्तिक शुक्ल एकादशी पर भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागेंगे। इस अवसर पर घरों और मंदिरों में तुलसी-शालिग्राम विवाह के अनुष्ठान होंगे। इसके बाद विवाह समारोहों का सिलसिला भी शुरू हो जाएगा। ज्योतिषाचार्यों के मुताबिक, नवंबर में पांच दिन और दिसंबर में पांच दिन विवाह के शुभ मुहूर्त मिलेंगे।

20 नवंबर को मनाई जाएगी देवउठनी एकादशी

कार्तिक शुक्ल एकादशी को देवोत्थान या देवउठनी एकादशी के नाम से मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, इस दिन भगवान विष्णु चार महीने की योगनिद्रा से जागते हैं। श्रद्धालु व्रत रखकर भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना करेंगे। इस दिन नए गन्ने के नेवान की परंपरा भी निभाई जाएगी।

देवउठनी एकादशी के साथ चातुर्मास का समापन होगा और मांगलिक कार्यों की शुरुआत होगी। घरों और मंदिरों में मंडप सजाकर माता तुलसी और भगवान शालिग्राम के विवाह का आयोजन किया जाएगा। धार्मिक परंपरा के अनुसार, तुलसी विवाह के बाद विवाह समारोहों के लिए शुभ लग्न शुरू हो जाएंगे।

नवंबर में इन पांच दिनों में हैं विवाह के शुभ मुहूर्त

बीएचयू के ज्योतिष विभाग के पूर्व अध्यक्ष एवं काशी विद्वत परिषद के संगठन मंत्री प्रो. विनय कुमार पांडेय ने बताया कि इस बार 20 नवंबर की भोर से लेकर 26 नवंबर तक विवाह के कुल पांच दिन शुभ मुहूर्त मिलेंगे। इसके बाद कुछ दिनों के अंतराल पर दिसंबर में भी पांच दिन विवाह के लग्न उपलब्ध होंगे।

उन्होंने बताया कि विवाह का मुहूर्त तिथि, वार, लग्न, नक्षत्र और करण के योग से निर्धारित होता है। कई बार किसी दिन नक्षत्र तो अनुकूल होता है, लेकिन लग्न का योग नहीं बनता। ऐसी स्थिति में उस तिथि को विवाह के लिए शुभ नहीं माना जाता।

20 नवंबर को दोपहर 2:25 बजे लगेगी भद्रा

प्रो. विनय कुमार पांडेय के अनुसार, 19 नवंबर की रात करीब दो बजे एकादशी तिथि शुरू होगी, जो 20 नवंबर शुक्रवार की रात लगभग दो बजे तक रहेगी। शुक्रवार को दोपहर 2 बजकर 25 मिनट पर भद्रा लग जाएगी। ऐसे में तुलसी विवाह का अनुष्ठान भद्रा शुरू होने से पहले संपन्न करना होगा।

ज्योतिषाचार्य ऋषि द्विवेदी ने बताया कि भद्रा शुक्रवार की आधी रात के बाद शनिवार की भोर 3 बजकर 49 मिनट पर समाप्त होगी। इसके बाद विवाह के लिए शुभ मुहूर्त बनेगा। उनके मुताबिक, 21, 24, 25 और 26 नवंबर को भी विवाह के शुभ लग्न हैं।

नवंबर के बाद दिसंबर में इन तारीखों पर होंगे विवाह

ज्योतिषाचार्यों के अनुसार, नवंबर के बाद दिसंबर में भी विवाह के लिए पांच शुभ तिथियां मिलेंगी। 30 नवंबर को मंगल की युति, भद्रा और वैधृति योग के कारण विवाह का शुभ मुहूर्त नहीं है। वहीं, एक दिसंबर को मंगल युति के चलते विवाह के लिए अनुकूल लग्न नहीं बनेगा।

इसके बाद 2, 3, 5, 11 और 12 दिसंबर को विवाह के शुभ लग्न मिलेंगे। 12 दिसंबर के बाद विवाह के लिए कोई शुभ लग्न नहीं है। 16 दिसंबर की रात सूर्य के धनु राशि में प्रवेश के साथ खरमास शुरू हो जाएगा।

केवल गुण मिलान से तय नहीं होता विवाह का मुहूर्त

ज्योतिविंद आचार्य दैवज्ञ कृष्ण शास्त्री ने बताया कि विवाह के लिए केवल वर-वधू के गुणों का मिलान कर लेना पर्याप्त नहीं है। विवाह का मुहूर्त तय करते समय दोनों की जन्मकुंडली के अनुसार ग्रहों के गोचर पर भी विचार करना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि विशेष रूप से विवाह के दिन गोचर का चंद्रमा वर या वधू की जन्मराशि से छठे, आठवें या बारहवें भाव में हो तो ऐसे मुहूर्त से बचना चाहिए। इसलिए विवाह की तारीख तय करते समय कुंडली और ग्रहों की स्थिति का भी ध्यान रखना चाहिए।