साल की आखिरी पूर्णिमा कब है? मार्गशीर्ष पूर्णिमा 2026 की तारीख, मुहूर्त और धार्मिक महत्व जानें
मार्गशीर्ष पूर्णिमा हिंदू धर्म में विशेष धार्मिक महत्व रखती है। इस दिन स्नान, दान, भगवान सत्यनारायण की पूजा, जप और व्रत करने की परंपरा है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मार्गशीर्ष पूर्णिमा पर किए गए पुण्य कर्मों का विशेष फल मिलता है। साल 2026 में मार्गशीर्ष पूर्णिमा 23 दिसंबर को मनाई जाएगी। इस दिन श्रद्धालु पवित्र नदियों में स्नान, जरूरतमंदों को दान और भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना करेंगे। आइए जानते हैं मार्गशीर्ष पूर्णिमा की तारीख, स्नान-दान का शुभ मुहूर्त, चंद्रोदय का समय और इस दिन का धार्मिक महत्व।
मार्गशीर्ष पूर्णिमा 2026 की तारीख
पंचांग के अनुसार, मार्गशीर्ष माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 23 दिसंबर 2026 को सुबह 10 बजकर 47 मिनट पर शुरू होगी। वहीं, पूर्णिमा तिथि का समापन 24 दिसंबर को सुबह 6 बजकर 57 मिनट पर होगा। उदया तिथि और धार्मिक परंपराओं के अनुसार, मार्गशीर्ष पूर्णिमा का व्रत, पूजा और स्नान-दान 23 दिसंबर 2026 को किया जाएगा।
मार्गशीर्ष पूर्णिमा 2026 स्नान-दान का शुभ मुहूर्त
मार्गशीर्ष पूर्णिमा के दिन स्नान और दान के लिए ब्रह्म मुहूर्त को विशेष शुभ माना जाता है। 23 दिसंबर 2026 को ब्रह्म मुहूर्त सुबह 5 बजकर 21 मिनट से 6 बजकर 16 मिनट तक रहेगा। वहीं, प्रातः संध्या का समय सुबह 5 बजकर 48 मिनट से 7 बजकर 11 मिनट तक है। इस दिन अभिजित मुहूर्त नहीं रहेगा।
मार्गशीर्ष पूर्णिमा 2026 चंद्रोदय का समय
मार्गशीर्ष पूर्णिमा के दिन चंद्रमा के दर्शन और पूजा का भी विशेष महत्व है। पंचांग के अनुसार, 23 दिसंबर 2026 को चंद्रोदय शाम 4 बजकर 41 मिनट पर होगा। पूर्णिमा का व्रत रखने वाले श्रद्धालु चंद्रमा के दर्शन और अर्घ्य देने के बाद व्रत का पारण करते हैं।
मार्गशीर्ष पूर्णिमा का धार्मिक महत्व
हिंदू धर्म में मार्गशीर्ष माह को अत्यंत पवित्र माना गया है। भगवद्गीता में भगवान श्रीकृष्ण ने कहा है, 'मासानां मार्गशीर्षोऽहम्', जिसका अर्थ है कि महीनों में वे मार्गशीर्ष हैं। इस कथन के आधार पर मार्गशीर्ष माह को भगवान श्रीकृष्ण से विशेष रूप से जुड़ा माना जाता है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, मार्गशीर्ष पूर्णिमा पर पवित्र नदियों में स्नान, जप, तप और दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है। इस दिन अन्न, वस्त्र, तिल, स्वर्ण और गौदान का भी विशेष महत्व बताया गया है। वहीं, पितरों के निमित्त तर्पण, श्राद्ध और पिंडदान करने से उन्हें संतुष्टि प्राप्त होने तथा पितृ आशीर्वाद मिलने की मान्यता है।
मार्गशीर्ष पूर्णिमा पर भगवान सत्यनारायण की पूजा और कथा सुनने की भी परंपरा है। मान्यता है कि विधि-विधान से पूजा करने पर घर में सुख, समृद्धि और खुशहाली आती है। यदि किसी श्रद्धालु के लिए गंगा या अन्य पवित्र नदी में स्नान करना संभव नहीं हो, तो घर पर स्नान के पानी में गंगाजल मिलाकर स्नान करने की परंपरा भी है।
इस दिन चंद्र देव की पूजा भी की जाती है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, जिन लोगों की कुंडली में चंद्रमा कमजोर होता है, वे पूर्णिमा के दिन चंद्र देव की पूजा, मंत्र जाप और सफेद वस्तुओं का दान कर उनकी कृपा प्राप्त करने की कामना करते हैं।
(Disclaimer: इस लेख में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और परंपराओं पर आधारित है। इसका कोई वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है।)
