Movie prime

25 नवंबर को अयोध्या में चमकेगा दिव्य-ध्वज: PM मोदी-मोहन भागवत करेंगे ध्वजारोहण, 8000 मेहमान होंगे शामिल

 
Ram Mnadir
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

अयोध्या में 25 नवंबर को होने वाला राम मंदिर का भव्य ध्वजारोहण समारोह स्वतंत्रता दिवस जैसी गरिमा और परंपरा के साथ आयोजित किया जाएगा। वैदिक मंत्रोच्चार, शंखनाद और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की ध्वनि के बीच यह आयोजन सुबह 11 बजे से दोपहर 1:30 बजे तक चलेगा। मुख्य मुहूर्त दोपहर 12 बजे से 12:30 बजे के बीच निर्धारित किया गया है।

पीएम मोदी और मोहन भागवत करेंगे ध्वजारोहण

समारोह का सबसे महत्वपूर्ण क्षण वह होगा जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत स्वतंत्रता दिवस की तर्ज पर ध्वज फहराने की प्रक्रिया पूरी करेंगे। ध्वज फहराते ही मंदिर परिसर में घंटे-घड़ियाल गूंज उठेंगे। सैन्य अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी ध्वजारोहण प्रक्रिया सम्पन्न होगी। परिसर को पारंपरिक ध्वजों, फूलों और दीपों से विशेष रूप से सजाया जा रहा है।

अयोध्या में पीएम मोदी कर सकते हैं रोड शो

ध्वजारोहण कार्यक्रम में आते समय प्रधानमंत्री मोदी के रोड शो की भी संभावना है। एसपीजी के निरीक्षण के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

पीएम के लिए दो संभावित मार्ग तैयार किए गए हैं:

  1. एयरपोर्ट से महोबरा बाजार मार्ग होते हुए राम मंदिर तक – लगभग 12 किमी

  2. एयरपोर्ट से हेलीकॉप्टर द्वारा साकेत कॉलेज हेलीपैड तक, फिर वहां से राम मंदिर – लगभग 1 किमी

दोनों मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा किया जा रहा है। साकेत कॉलेज में तीन हेलीपैड भी तैयार हैं।

सीएम योगी करेंगे तैयारियों की समीक्षा

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 18 नवंबर को अयोध्या जाकर सभी तैयारियों की समीक्षा कर सकते हैं। वे प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे तथा आयोजन स्थल का निरीक्षण करेंगे।

सीएम योगी कार्यक्रम की रूपरेखा और पीएम व अन्य विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा करेंगे।

राम मंदिर में मोबाइल ले जाना होगा प्रतिबंधित

दिल्ली में हुए हालिया विस्फोट के बाद अयोध्या में सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। अब ध्वजारोहण समारोह में आने वाले किसी भी मेहमान को मोबाइल फोन लेकर प्रवेश करने की अनुमति नहीं होगी।

पहले मोबाइल रखने की अनुमति थी, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की चेतावनी के बाद इसे वापस ले लिया गया है। मेहमानों को खाली हाथ मंदिर परिसर में प्रवेश करना होगा। ट्रस्ट की ओर से सभी के लिए भोजन और जलपान की व्यवस्था की जाएगी।

सुरक्षा इंतज़ाम और भी कड़े

 

मंदिर परिसर में अतिरिक्त मेटल डिटेक्टर, डॉग स्क्वॉड, सीसीटीवी सर्विलांस, नया हाइटेक कंट्रोल रूम और 24×7 निगरानी के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मी तैनात किए जा रहे हैं।

लगभग 8,000 मेहमान इस आयोजन में शामिल होंगे, जिसमें पीएम मोदी, मोहन भागवत, सीएम योगी, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद रहेंगे।