चारधाम यात्रा की तैयारियां तेज, इस दिन से खुलेंगे केदारनाथ के कपाट
उत्तराखंड के प्रसिद्ध तीर्थ केदारनाथ मंदिर के कपाट 22 अप्रैल को वृष लग्न में श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। इसकी आधिकारिक घोषणा शीतकालीन गद्दीस्थल ओम्कारेश्वर मंदिर में विधि-विधान के साथ की गई। जैसे ही तिथि घोषित हुई, देशभर के श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर दौड़ गई।
मंदिर समिति के अनुसार, बुधवार 22 अप्रैल को सुबह 8 बजे शुभ वृष लग्न में कपाट खुलेंगे। इसके साथ ही छह महीने तक चलने वाली केदारनाथ यात्रा विधिवत शुरू हो जाएगी। यात्रा को लेकर पंजीकरण प्रक्रिया भी तेज हो गई है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपना रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं।
मुख्य पुजारी की जिम्मेदारी सौंपी गई
इस वर्ष टी गंगाधर लिंग को बाबा केदारनाथ धाम का मुख्य पुजारी नियुक्त किया गया है। परंपरा के अनुसार यहां पूजा-अर्चना दक्षिण भारत के रावल पुजारियों द्वारा ही संपन्न कराई जाती है। कपाट खुलने के दिन विशेष पूजा और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भगवान के दर्शन शुरू होंगे।
बदरीनाथ धाम की तिथि भी घोषित
केदारनाथ धाम के एक दिन बाद बद्रीनाथ मंदिर के कपाट 23 अप्रैल को ब्रह्ममुहूर्त में सुबह 6 बजकर 15 मिनट पर खोले जाएंगे। इसकी घोषणा वसंत पंचमी के अवसर पर पहले ही कर दी गई थी।
वहीं गंगोत्री मंदिर और यमुनोत्री मंदिर के कपाट अक्षय तृतीया, 19 अप्रैल को विधि-विधान के साथ खोले जाएंगे। हालांकि दोनों धामों के सटीक शुभ मुहूर्त की जानकारी जल्द ही मंदिर समिति द्वारा सार्वजनिक की जाएगी।
चारधाम यात्रा की तैयारियां जोरों पर
चारधाम यात्रा को लेकर राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन ने भी कमर कस ली है। सड़कों की मरम्मत, सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाएं और पंजीकरण प्रणाली को मजबूत किया जा रहा है। होटल, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं में एडवांस बुकिंग शुरू हो चुकी है।
हर साल लाखों श्रद्धालु चारधाम यात्रा में शामिल होते हैं। इस बार भी बड़ी संख्या में यात्रियों के पहुंचने की उम्मीद है। श्रद्धालु अनुकूल मौसम और सुरक्षित यात्रा की कामना के साथ बाबा केदारनाथ के दर्शन के लिए उत्सुक हैं।
