Road Accident : मिर्जापुर में ओवरलोड ट्रैक्टर से भिड़ी बाइक, दो युवकों की दर्दनाक मौत
Road Accident: मिर्जापुर के चुनार कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे (Road Accident) में दो युवकों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा वाराणसी राज्य मार्ग-74 पर बसारतपुर बालू ठेके के पास हुआ, जब एक ओवरलोड बालू लदा ट्रैक्टर बाइक से टकरा गया।
Road Accident : दर्शन के लिए निकले थे चारों दोस्त
जानकारी के मुताबिक, वाराणसी जनपद के लालपुर थाना क्षेत्र के अनौली छोटालालपुर गांव निवासी चार युवक — विशाल विश्वकर्मा (25), विक्की पटेल (23), दीपक विश्वकर्मा (24) और लल्लू पटेल (25) — सोमवार की रात बाइक से विंध्याचल दर्शन के लिए निकले थे।
हाईवे पर आमने-सामने की टक्कर
रास्ते में जब उनकी बाइक बसारतपुर के पास पहुंची, तो सामने से आ रहा बालू से भरा ओवरलोड ट्रैक्टर अचानक सामने आ गया और दोनों वाहन आमने-सामने टकरा गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो की मौके पर मौत, दो वाराणसी रेफर
घटना की सूचना मिलते ही अदलपुरा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को चुनार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद विशाल विश्वकर्मा और विक्की पटेल को मृत घोषित कर दिया, जबकि दीपक और लल्लू की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें तुरंत वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया।
ट्रैक्टर चालक फरार, वाहन जब्त
हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने बालू से लदे ट्रैक्टर को अदलपुरा चौकी में खड़ा करा दिया है। थानाध्यक्ष रविंद्र भूषण मौर्य ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
