15 साल के वैभव सूर्यवंशी का इंटरनेशनल डेब्यू, सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड टूटा
नई दिल्ली। इंग्लैंड के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले जा रहे दूसरे टी20 मुकाबले में भारत के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने का मौका मिला। टीम इंडिया की ओर से उन्हें तिलक वर्मा ने डेब्यू कैप सौंपी। इससे पहले वैभव का चयन आयरलैंड दौरे के लिए हुआ था, लेकिन उन्हें प्लेइंग-11 में मौका नहीं मिला था। इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में भी वह अंतिम एकादश का हिस्सा नहीं थे।
दूसरे टी20 में मौका मिलते ही वैभव सूर्यवंशी ने भारतीय क्रिकेट के इतिहास में नया अध्याय लिख दिया। उन्होंने 15 साल 99 दिन की उम्र में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू कर सचिन तेंदुलकर का सबसे कम उम्र में भारत के लिए इंटरनेशनल डेब्यू करने का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इससे पहले सचिन ने 16 साल 205 दिन की उम्र में भारत के लिए पहला अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था।
भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस के दौरान वैभव की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की चुनौती के लिए पूरी तरह तैयार हैं। मैच में भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
संजू सैमसन की जगह मिला मौका
वैभव सूर्यवंशी को विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन की जगह अंतिम एकादश में शामिल किया गया। सैमसन आयरलैंड के खिलाफ दोनों टी20 मैचों में बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे थे। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 में भी वह सिर्फ 1 रन बनाकर आउट हो गए। लगातार खराब प्रदर्शन के चलते टीम प्रबंधन ने युवा वैभव पर भरोसा जताया।
भारत की प्लेइंग-11
वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, हर्षित राणा, अक्षर पटेल, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैंड की प्लेइंग-11
फिलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक (कप्तान), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, आदिल राशिद, जोफ्रा आर्चर, जोश टोंग।
