Movie prime

अभिषेक शर्मा ने 30 गेंदों में ठोका शतक, इंटरनेशनल क्रिकेट में रचा इतिहास, AB डिविलियर्स का रिकॉर्ड तोड़ा

 
abhishek
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में अभिषेक शर्मा ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से ऐसा कारनामा कर दिखाया, जिसे लंबे समय तक याद रखा जाएगा। अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले में बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने महज 30 गेंदों में शतक जड़ दिया। इसी के साथ अभिषेक शर्मा फुल मेंबर टीमों के बीच इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के दिग्गज बल्लेबाज एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने वेस्टइंडीज के खिलाफ 31 गेंदों में वनडे शतक लगाया था।

टी20 में भी रचा नया इतिहास

अभिषेक का यह शतक टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भी बेहद खास रहा। फुल मेंबर टीमों की बात करें तो वह 30 गेंदों में टी20 इंटरनेशनल शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड सिकंदर रजा और फिन एलेन के नाम था, जिन्होंने 33-33 गेंदों में शतक लगाया था।

हालांकि, सभी टीमों को शामिल किया जाए तो टी20 क्रिकेट में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड एस्टोनिया के साहिल चौहान के नाम है। उन्होंने महज 27 गेंदों में शतक जड़ा था।

छक्कों की भी हुई जमकर बरसात

अफगानिस्तान के खिलाफ अभिषेक शर्मा ने अपनी पारी में 11 छक्के लगाए। भारत की ओर से एक टी20 इंटरनेशनल मैच में इससे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अभिषेक के ही नाम है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ एक मुकाबले में 13 छक्के जड़े थे।

पावरप्ले में भी अभिषेक का जलवा

अभिषेक शर्मा ने सिर्फ शतक ही नहीं लगाया, बल्कि पावरप्ले में भी नया रिकॉर्ड बना दिया। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ शुरुआती छह ओवरों में 76 रन बनाए। इसके साथ ही वह टी20 क्रिकेट में पावरप्ले के दौरान सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने पुर्तगाल के कुलदीप गोहलिया का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा, जिन्होंने 25 गेंदों में 74 रन बनाए थे।

317 से ज्यादा के स्ट्राइक रेट से बरसे रन

अभिषेक की इस पारी की सबसे बड़ी खासियत उनकी बल्लेबाजी की रफ्तार रही। उन्होंने अपना शतक 317.64 के स्ट्राइक रेट से पूरा किया। इसके साथ ही वह टी20 इंटरनेशनल शतक के दौरान सबसे ज्यादा स्ट्राइक रेट रखने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम था, जिन्होंने 2017 में 274.41 के स्ट्राइक रेट से टी20 शतक लगाया था।

अभिषेक शर्मा की इस विस्फोटक पारी ने एक ही मुकाबले में कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। चौकों और छक्कों की बारिश के बीच उन्होंने दिखा दिया कि टी20 क्रिकेट में आक्रामक बल्लेबाजी की नई तस्वीर कैसी हो सकती है।