Movie prime

मजदूर की बेटी अंकिता बनीं स्टेट चैंपियन, 118 किलो वजन उठाकर जीता गोल्ड, अब नेशनल में दिखाएंगी दम

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। बनारस की युवा भारोत्तोलक अंकिता यादव ने अपनी मेहनत और प्रतिभा के दम पर प्रदेश स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सहारनपुर में आयोजित 70वीं प्रदेशीय विद्यालयीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता में अंकिता ने अंडर-17 बालिका वर्ग के 44 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। उन्होंने कुल 118 किलोग्राम वजन उठाकर प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया।

विकास इंटर कॉलेज में कक्षा 11 की छात्रा अंकिता की इस उपलब्धि के साथ ही अब उनका चयन राष्ट्रीय विद्यालयीय भारोत्तोलन प्रतियोगिता के लिए उत्तर प्रदेश की टीम में हुआ है। नवंबर में मणिपुर के इम्फाल में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय प्रतियोगिता में वह यूपी का प्रतिनिधित्व करेंगी।

अंकिता की सफलता की कहानी संघर्ष और मेहनत से भरी है। उनके पिता राजेंद्र प्रसाद दैनिक मजदूरी करते हैं। मूल रूप से जौनपुर की रहने वाली अंकिता लोढ़ान में रहकर पढ़ाई के साथ नियमित रूप से भारोत्तोलन का अभ्यास करती हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने लगातार मेहनत जारी रखी और प्रदेश स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

अंकिता की इस उपलब्धि पर संयुक्त शिक्षा निदेशक वाराणसी मंडल दिनेश कुमार सिंह, विकास एजुकेशनल ग्रुप के चेयरमैन डॉ. एके सिंह और मंडलीय क्रीड़ा सचिव राजेश कुमार सिंह ने उन्हें बधाई दी। सभी ने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए अंकिता को शुभकामनाएं दीं।