भारत में नहीं खेलेगा बांग्लादेश! T20 वर्ल्ड कप का बहिष्कार, ICC पर लगाया बड़ा आरोप
Dhaka/New Delhi : बांग्लादेश सरकार ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि कर दी है कि बांग्लादेश क्रिकेट टीम भारत में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 में हिस्सा नहीं लेगी। बांग्लादेश ने टूर्नामेंट के बहिष्कार (बॉयकॉट) का फैसला लिया है। सरकार का कहना है कि उसने आईसीसी से अपने मैच किसी अन्य देश, विशेष रूप से श्रीलंका में कराने की मांग की थी, लेकिन आईसीसी ने इस मांग को खारिज कर दिया, जिसके बाद यह निर्णय लिया गया। बांग्लादेश सरकार ने इस फैसले को लेकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) पर भी सीधा निशाना साधा है और उसके निर्णयों को एकतरफा बताया है।
सरकार बोली—टीम खेलना चाहती है, लेकिन भारत में नहीं
हाल ही में बांग्लादेश सरकार के खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने कहा था कि बांग्लादेशी खिलाड़ी टी20 वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं, लेकिन टीम सिर्फ श्रीलंका में अपने मैच खेलने के पक्ष में है। उन्होंने स्पष्ट किया कि खिलाड़ियों की इच्छा के बावजूद सरकार सुरक्षा और अन्य परिस्थितियों को देखते हुए भारत में खेलने के लिए तैयार नहीं है।
“इसमें हमारा नहीं, ICC का नुकसान”
बांग्लादेश सरकार ने एक बयान जारी कर कहा कि वह विश्व क्रिकेट की मौजूदा स्थिति को लेकर आश्वस्त नहीं है और क्रिकेट की लोकप्रियता में गिरावट आ रही है। बयान में कहा गया कि करीब 20 करोड़ लोगों को आपने क्रिकेट से दूर कर दिया है। क्रिकेट ओलंपिक में जा रहा है, लेकिन अगर बांग्लादेश जैसा देश उसमें हिस्सा नहीं लेगा, तो यह नुकसान ICC का होगा।
सरकार ने यह भी कहा कि वह आगे भी ICC के संपर्क में रहेगी, क्योंकि बांग्लादेश टीम वर्ल्ड कप खेलना चाहती है, लेकिन भारत में नहीं। साथ ही ICC की बोर्ड बैठकों में लिए गए कुछ फैसलों को “चौंकाने वाला” बताया गया।
मुस्तफिजुर रहमान का मुद्दा भी उठा
बांग्लादेश सरकार ने इस विवाद को तेज करने वाले एक अन्य घटनाक्रम का भी जिक्र किया। यह मामला बांग्लादेशी तेज गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान के इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) से रिलीज होने के बाद सामने आया। दरअसल, BCCI के निर्देश पर कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने मुस्तफिजुर रहमान को अपने स्क्वाड से रिलीज कर दिया था। KKR ने उन्हें मिनी ऑक्शन में 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था।
बांग्लादेश सरकार ने कहा कि मुस्तफिजुर का मामला कोई अलग-थलग घटना नहीं है और इस पर फैसला लेने का अधिकार सिर्फ BCCI के पास था, जिसने स्थिति को और गंभीर बना दिया।
ICC के लिए बढ़ी मुश्किलें
बांग्लादेश के आधिकारिक बहिष्कार के ऐलान के बाद अब टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर ICC की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। अगर यह फैसला कायम रहता है, तो पहली बार ऐसा होगा जब कोई फुल मेंबर टीम सुरक्षा और आयोजन स्थल को लेकर टी20 वर्ल्ड कप से बाहर रहेगी।
