ICC ODI रैंकिंग में बड़ा उलटफेर: रोहित शर्मा नंबर-1 से बाहर, डेरिल मिशेल बने नए बादशाह
New Delhi : आईसीसी ने अपनी ताज़ा वनडे बल्लेबाजी रैंकिंग जारी कर दी, जिसमें भारतीय कप्तान रोहित शर्मा अपने नंबर-1 के स्थान से नीचे खिसक गए हैं। न्यूजीलैंड के डेरिल मिशेल अब दुनिया के नए नंबर-1 वनडे बल्लेबाज़ बन गए हैं। खास बात यह है कि मिशेल ने रोहित को सिर्फ 1 रेटिंग पॉइंट से पीछे छोड़ा है।
रैंकिंग के अनुसार, रोहित शर्मा के अब 781 रेटिंग पॉइंट हैं, जबकि मिशेल 782 पॉइंट के साथ शीर्ष स्थान पर पहुंच गए। दो साल पहले इसी दिन भारत रोहित की कप्तानी में वर्ल्ड कप फाइनल हारा था, और आज रैंकिंग में भी रोहित के लिए यह दिन निराशाजनक रहा।
न्यूजीलैंड के मिशेल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले वनडे में 119 रनों की शतकीय पारी खेली थी। इस धमाकेदार प्रदर्शन के बाद उनकी रैंकिंग में जबरदस्त उछाल आया और वे तीसरे स्थान से सीधे नंबर-1 पर पहुंच गए।
उधर, रोहित शर्मा के पास आगामी भारत बनाम साउथ अफ्रीका वनडे सीरीज में अपने शीर्ष स्थान को वापस हासिल करने का मौका रहेगा। यह तीन मैचों की सीरीज 30 नवंबर से शुरू हो रही है। रोहित अब केवल वनडे क्रिकेट ही खेलते हैं, इसलिए इस फॉर्मेट में उनकी बादशाहत कायम रखना उनके लिए अहम है।
आईसीसी द्वारा जारी टॉप-5 बल्लेबाजों की सूची में भारत के शुभमन गिल और विराट कोहली भी शामिल हैं। गिल चौथे स्थान पर और कोहली पांचवें स्थान पर बने हुए हैं।
आईसीसी वनडे बल्लेबाज रैंकिंग (टॉप-5)
- डेरिल मिशेल (न्यूजीलैंड) – 782
- रोहित शर्मा (भारत) – 781
- इब्राहिम जादरान (अफगानिस्तान) – 764
- शुभमन गिल (भारत) – 745
- विराट कोहली (भारत) – 725
रैंकिंग में बदलाव के साथ पाकिस्तान के बाबर आज़म, हैरी ट्रेक्टर और भारत के श्रेयस अय्यर को भी फायदा हुआ है। श्रीलंका के चरिथ असलंका तीन स्थान नीचे आते हुए 9वें स्थान पर पहुंच गए, जिससे इन खिलाड़ियों की रैंकिंग में सुधार देखा गया।
