Movie prime

BLW: 18वीं अखिल भारतीय रेलवे हैंडबॉल प्रतियोगिता का रोमांचक समापन, उत्तर रेलवे और दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बने चैंपियन

 
..
WhatsApp Channel Join Now
Instagram Profile Join Now

वाराणसी। बरेका स्थित केंद्रीय खेलकूद स्टेडियम में 18वीं अखिल भारतीय पुरुष एवं महिला रेलवे हैंडबॉल प्रतियोगिता 2025–26 शनिवार को फाइनल मुकाबला  को उत्साह और खेल भावना के साथ संपन्न हुआ। चार दिनों तक चले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देशभर की रेलवे टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया, जबकि फाइनल मुकाबलों ने दर्शकों का रोमांच चरम पर पहुंचा दिया।

पुरुष वर्ग: उत्तर रेलवे ने 26–24 से जीता खिताब

पुरुष वर्ग का फाइनल मुकाबला उत्तर रेलवे और पश्चिम रेलवे के बीच खेला गया। मुकाबले की शुरुआत में पश्चिम रेलवे ने बढ़त बनाई, लेकिन उत्तर रेलवे ने शानदार वापसी करते हुए मैच को बराबरी पर ला दिया। अंतिम क्षणों तक चले कड़े संघर्ष के बाद उत्तर रेलवे ने 26–24 से जीत दर्ज कर खिताब अपने नाम कर लिया।
पूर्वोत्तर रेलवे ने पुरुष वर्ग में तृतीय स्थान हासिल किया।

महिला वर्ग: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की एक अंक से जीत

महिला वर्ग का फाइनल दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे और दक्षिण मध्य रेलवे के बीच हुआ। पूरे मैच में कांटे की टक्कर देखने को मिली। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की टीम ने संयम और रणनीति के साथ खेलते हुए 31–30 से रोमांचक जीत दर्ज की। महिला वर्ग में उत्तर रेलवे तीसरे स्थान पर रही।

मैच के दौरान खिलाड़ियों की तेज गति, सटीक पास, प्रभावशाली ब्लॉक और शानदार गोल प्रयासों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। बड़ी संख्या में उपस्थित खेलप्रेमियों ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।

...

18 से 21 फरवरी तक चला टूर्नामेंट

यह प्रतियोगिता 18 से 21 फरवरी 2026 तक आयोजित की गई, जिसमें भारतीय रेलवे की विभिन्न जोनल टीमों ने भाग लिया। पुरुष वर्ग में उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे, बरेका, पश्चिम रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे, रेलवे सुरक्षा बल, उत्तर पश्चिम रेलवे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, रेलवे बोर्ड और पटियाला लोकोमोटिव वर्क्स की टीमें शामिल रहीं। महिला वर्ग में उत्तर रेलवे, पूर्वोत्तर रेलवे, दक्षिण मध्य रेलवे, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे ने भाग लिया।

विजेताओं को किया गया सम्मानित

समापन समारोह में प्रमुख मुख्य विद्युत इंजीनियर एवं बरेका खेलकूद संघ के अध्यक्ष एस.के. श्रीवास्तव ने विजेता, उपविजेता और तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को ट्रॉफी एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल अनुशासन, टीम भावना और आत्मविश्वास का विकास करता है। उन्होंने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए बरेका खेलकूद संघ और रेलवे स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड की सराहना की।

कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी परिषद के सदस्य और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे। संचालन राकेश कुमार पाण्डेय ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बरेका खेलकूद संघ के महासचिव सुनील कुमार ने प्रस्तुत किया।

चार दिनों तक चले इस आयोजन ने एक बार फिर साबित किया कि रेलवे खेलों के माध्यम से प्रतिभाओं को निखारने और खेल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।